Home > मनोरंजन ,
खतरों के खिलाड़ी से बाहर हुए मनवीर, टूटा दूसरा रियलिटी शो जीतने का सपना

बिग बॉस सीजन-10 के विजेता मनवीर गुर्जर का खतरों का खिलाड़ी बनने का सपना टूट गया. बीते एपिसोड में मनवीर को स्टंट हारने के बाद शो से बाहर का रास्ता देखना पड़ा.

शो में करन वाही, रित्विक धंजानी, गीता फोगट और मनवीर गुर्जर डेंजर जोन में थे. सभी खिलाड़ियों ने एलिमिनेशन स्टंट में हिस्सा लिया जिसमें उन्हें बिल्डिंग की छत से साइकिल के साथ कूदना था और बीच हवा में एक रस्सी को पकड़ना था. रित्विक और करन वाही ने बखूबी ये स्टंट किया और सेफ हो गए. मनवीर और दंगल गर्ल गीता फोगट में से गुर्जर बॉय के स्टंट में थोड़ी कमी रह गई और वो शो से बाहर हो गए.

मनवीर के शो से निकलने पर उनके फैंस काफी निराश हैं. बिग बॉस शो में मनवीर गुर्जर के मस्तमौला और देसी अंदाज को लोगों ने काफी पंसद किया था. सभी को मनवीर से काफी उम्मीदें थीं लेकिन उनका इतनी जल्दी शो से निकल जाना दर्शकों को रास नहीं आया.

बिग बॉस-10 से बाहर निकलने के बाद से ही मनवीर हमेशा चर्चा में रहे. शो से बाहर आते ही मनवीर की शादी के बारे में ऐसा खुलासा हुआ कि फैंस हैरान रह गए. जिसके बाद शादी को लेकर मनवीर सफाई देते नजर आए. मनवीर का टीवी एक्ट्रेस काम्या पंजाबी के साथ अफेयर होने की खबरें भी आती रहती हैं. खतरों के खिलाड़ी में मनवीर गुर्जर के साथ बिग बॉस कंटेस्टेंट लोपामुद्रा राउत ने भी हिस्सा लिया है, जो कि अभी तक रियलिटी शो का हिस्सा बनी हुई हैं.

 

Share This News :