Homeप्रमुख खबरे,slider news,अपना मध्यप्रदेश,
विंध्य क्षेत्र की समृद्धि के नये द्वार खुलेंगे - मुख्यमंत्री श्री चौहान

सिंगरौली से दिल्ली और भोपाल तक नई ट्रेन चलायी जायेगी - रेलमंत्री श्री प्रभु
सीधी में 2230 करोड़ की रीवा-सीधी-सिंगरौली रेल लाइन और रेलवे स्टेशन का शिलान्यास
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि रीवा, सीधी, सिंगरौली ब्रॉडगेज रेल लाइन के शिलान्यास के साथ ही विंध्य क्षेत्र की समृद्धि के नये द्वार खुलेंगे। रेल मंत्री श्री सुरेश प्रभु ने घोषणा की कि सिंगरौली से दिल्ली और भोपाल तक नई ट्रेन चलायी जायेगी। उन्होंने कहा कि पूरे देश में रेल परियोजनाओं को तेजी से पूरा करने के लिये इस वर्ष के रेल बजट में एक लाख 21 हजार करोड़ का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास होगा कि वर्ष 2019 तक सीधी-सिंगरौली रेल लाइन का कार्य पूरा हो जाये। मुख्यमंत्री श्री चौहान एवं रेल मंत्री श्री प्रभु ने आज सीधी में 2,220 करोड़ लागत की 165 किलोमीटर लम्बी रीवा-सीधी-सिंगरौली ब्रॉडगेज रेल लाइन और रेलवे स्टेशन का शिलान्यास किया। उन्होंने अंत्योदय मेले में 34 करोड़ की लागत के निर्माण कार्यों का शिलान्यास तथा लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम में वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल भी उपस्थित थे।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि आज सीधी से रीवा, सिंगरौली ब्रॉडगेज रेल लाइन के कार्य की शुरूआत होने से सीधी सहित पूरे विंध्य क्षेत्र में रोजगार, उद्योग एवं आर्थिक समृद्धि के द्वार खुलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में गौरवशाली, समृद्ध और सशक्त भारत के सपने को पूरा किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में गरीबों के उत्थान के लिये गरीब कल्याण वर्ष मनाया जा रहा है और विभिन्न योजना से उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अगले दो वर्ष में गाँव में 10 लाख और शहरों में 5 लाख मकान बनाये जायेंगे। उन्होंने बच्चों को नि:शुल्क पाठ्य-पुस्तकें, गणवेश साइकिल और छात्रवृत्ति देने के लिये बनायी गयी योजनाओं का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति-जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग के साथ ही सामान्य वर्ग के गरीब बच्चों को भी छात्रवृत्ति दी जायेगी। मेडिकल, आईआईटी, आईआईएम में प्रवेश लेने वाले बच्चों की फीस प्रदेश सरकार देगी। उन्होंने महिलाओं के हित में सरकार द्वारा उठाये गये कदमों की जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सीधी जिले के औद्योगिक विकास के प्रयास किये जा रहे हैं। उन्होंने रेल मंत्री से सीधी से भदौरा रेल लाइन और सीधी से मऊगंज होते हुए इलाहाबाद तक नवीन रेल लाइन के विस्तार का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर उपस्थित लोगों को स्वच्छ भारत अभियान में भागीदारी निभाने, बेटा-बेटी में भेद न करने और वृक्ष लगाने का संकल्प दिलवाया।

रेल मंत्री श्री सुरेश प्रभु ने कहा कि अगले 3 वर्ष में 900 किलोमीटर नई रेल लाइन का निर्माण किया जायेगा और 1000 किलोमीटर रेल लाइन के दोहरीकरण तथा विद्युतीकरण का कार्य किया जायेगा। उन्होंने बताया कि रेल लाइन के निर्माण, विस्तार एवं नई रेल शुरू करने तथा यात्री सुविधाओं को बढ़ाने के लिये रेलवे ने एलआईसी से एक लाख 50 हजार करोड़ का ऋण लिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री से कहा कि सीधी से भदौरा तक 35 किलोमीटर रेल लाइन विस्तार कार्य को रेलवे की कार्य-योजना एवं बजट में शामिल किया जायेगा।

मुख्यमंत्री श्री चौहान और रेल मंत्री श्री सुरेश प्रभु ने अंत्योदय मेले में 96 हजार हितग्राही को 38 करोड़ के हित-लाभ भी वितरित किये।

Share This News :