Homeखास खबरे,अपना मध्यप्रदेश,
सिंधिया की आहट से शिवराज घबराये, युवाओं पर करेंगे फोकस

कांग्रेस द्वारा युवा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया को प्रोजेक्ट करने की संभावना के चलते भाजपा की चिंता बढ़ गई है। खासतौर से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रतिद्वंदी चेहरे से निपटने के लिए नई रणनीति पर काम करना शुरू कर दिया है।
अब शिवराज कॉलेजों में जाकर युवाओं से संवाद करेंगे, जरूरी नहीं कि यह संवाद शैक्षणिक पाठ्यक्रम का हिस्सा हो, इससे इतर वे युवाओं को हौसला बढ़ाने जैसे मॉटीवेशनल लेक्चर देंगे । मकसद साफ है कि कांग्रेस के ग्लैमरस चेहरे से युवाओं को अपनी ओर आकर्षित किया जा सके। पार्टी की चिंता सिंधिया के ग्लैमर को लेकर ज्यादा है। एक वरिष्ठ नेता के मुताबिक सिंधिया का राजघराने से होना और युवा (46 वर्ष) होने के कारण युवा वोटरों को संभालना हमारे लिए अब एक चुनौती होगी।
पार्टी भी मान रही है कि सिंधिया की बॉडी लैंग्वेज और टॉकिंग इशूज से युवा उनकी ओर प्रभावित हो सकते हैं। इसके अलावा सिंधिया का दून स्कूल और हार्वर्ड विवि से पढ़ाई, राजनीतिक पारिवारिक विरासत और साफ-सुथरी छवि ने भी भाजपा को अपनी रणनीति बदलने पर मजबूर कर दिया है।
चुनावी मोड में आ चुके सीएम अगले माह से यात्रा पर निकलेंगे। इसके साथ ही वे हर महीने कुछ कॉलेजों में जाकर युवाओं से बात करेंगे। सीएम युवाओं को आत्मविश्वास बढ़ाने और जीवन में सफलता के मंत्र सिखाएंगे ।इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'मन की बात" की तर्ज पर चल रहे 'दिल से' का विषय भी युवाओं पर केंद्रित होगा। आकाशवाणी पर प्रसारित होने वाले इस कार्यक्रम के जरिए मुख्यमंत्री अभी तक किसानों के मुद्दे पर बात करते आए हैं।

मंत्रिमंडल विस्तार में भी दिखेगी झलक
सूत्रों की मानें तो शिवराज कैबिनेट के विस्तार में भी सिंधिया से निपटने की रणनीति दिखाई पड़ेगी। माना जा रहा है कि कुछ युवाओं को मंत्रिमंडल में मौका दिया जा सकता है। पहली बार जीतने वाले युवा विधायकों को भी शपथ दिलाई जा सकती है।

Share This News :