Home > अपना शहर ,
केन्द्रीय मंत्री तोमर 2653 परिवारों को दिलायेंगे गृह प्रवेश

ग्वालियर । इस बार की धनतेरस ग्वालियर जिले के ग्रामीण अंचल में निवासरत 2 हजार 653 परिवारों के लिये अलग ही खुशियाँ लेकर आयेगी। इन परिवारों को सामूहिक रूप से धनतेरस के दिन खुद के पक्के आवासों में गृह प्रवेश दिलाया जायेगा। 
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत सामूहिक गृह प्रवेश कार्यक्रम केन्द्रीय पंचायतीराज, ग्रामीण विकास एवं खनन मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर के मुख्य आतिथ्य में धनतेरस के दिन यानि 17 अक्टूबर को प्रात: 11 बजे जनपद पंचायत कार्यालय परिसर बरई में आयोजित होगा। इस कार्यक्रम के साथ-साथ जिला स्तरीय लोक कल्याण शिविर भी आयोजित होगा। सामूहिक गृह प्रवेश कार्यक्रम जिले की अन्य ग्राम पंचायतों में भी आयोजित होंगे। 
जनपद पंचायत कार्यालय परिसर बरई में आयोजित होने जा रहे इस कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मनीषा भुजवल सिंह यादव करेंगीं। कार्यक्रम में विधायकगण नारायण सिंह कुशवाह, भारत सिंह कुशवाह, लाखन सिंह यादव व श्रीमती इमरती देवी को बतौर विशिष्ट अतिथि आमंत्रित किया गया है।
सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत इन जरूरतमंद परिवारों के लिये आवास बनाए गए हैं। जिला पंचायत से प्राप्त जानकारी के मुताबिक ग्वालियर जिले के ग्रामीण अंचल में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब तक 2 हजार 653 आवास पूर्ण हो चुके हैं। जिले को ग्रामीण अंचल में कुल 4 हजार 780 आवास बनाने का लक्ष्य मिला है। पूर्ण आवासों के लिये सरकार द्वारा लगभग 39 करोड़ 80 लाख रूपए की अनुदान राशि सीधे ही हितग्राहियों के खाते में मुहैया कराई गई है। 

Share This News :