Home > अपना शहर ,
स्वच्छता अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर निगमायुक्त ने ली बैठक

ग्वालियर । स्वच्छता सर्वेक्षण में ग्वालियर शहर को अव्वल लाने के लिए हमें पूरे मनोयोग से कार्य करना होगा। शासकीय अमले के साथ साथ जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों का भी सहयोग लेना होगा। स्वच्छता अभियान में नगर निगम के साथ महिला बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रदूषण नियंत्रण, खाद्य, मंडी बोर्ड आदि विभागों के समन्वित प्रयास से कार्य करना होगा। यह बात नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा ने मंगलवार को नगर निगम के सभाकक्ष में स्वच्छता अभियान के संबंध में आयोजित विभागीय अधिकारियों की बैठक में कही।
बैठक में नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा ने निगम के उपायुक्तों को निर्देशित किया है कि अपने अपने विधानसभा क्षेत्र में जोनवार कार्यक्रम तैयार कर स्वच्छता अभियान के तहत गतिविधियां संचालित करें। उन्होंने कहा कि स्वच्छता के साथ साथ पाॅलीथिन की रोकथाम का भी अभियान चलाया जाए। उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि जोन स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में क्षेत्रीय पार्षद के साथ साथ अन्य जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों, व्यापारी वर्ग का भी सहयोग लिया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूल काॅलेजों में विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं। रहवासी संघो, व्यापारिक संगठनों आदि के साथ स्वच्छता के संबंध में वार्ताएं आयोजित कर स्वच्छता के प्रति जनजागृति का कार्य भी किया जाए। विधानसभा स्तर पर उपलब्ध मशीनों व संसाधनों का स्वच्छता के लिए अधिक से अधिक उपयोग किया जाए।
नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि अपने अपने क्षेत्र के महत्वपूर्ण बाजारों में दिन में 2-3 बार स्वच्छता का कार्य किया जाए। इसके साथ ही रैग पिकर्स का चिन्हांकन कर उनसे पाॅलीथीन जोन स्तर पर ही क्रय करने की कार्यवाही की जावे। रैग पिकर्स का हेल्थ चेकअप कार्यक्रम भी किया जाए। निगम आयुक्त ने उपायुक्तों को यह भी निर्देशित किया है कि अपने अपने क्षेत्र में अभियान चलाकर डिवायडर, गोलंबर और पार्कों में रंगाई पुताई का कार्य भी किया जाए। खुले में शौच मुक्त शहर में अगर कोई व्यक्ति खुले में शौच कर रहा है तो उसे रोकने के लिए रोको टोको अभियान भी प्रभावी रुप से चलाया जाए। सभी अधिकारी सुबह जल्दी निकलकर इस अभियान का क्रियान्वयन कराएं। अभियान के तहत समझाने पर न मानने वाले नागरिकों पर दंडात्मक कार्यवाही भी जाए। 

Share This News :