Home > अपना शहर ,
झील महोत्सव से लेकर नलकेश्वर ईको पर्यटन महोत्सव जैसे आयोजन होंगे

ग्वालियर । तिघरा में झील महोत्सव तो नलकेश्वर में ईको पर्यटन महोत्सव। बैजाताल व अन्य स्थलों पर ग्वालियर महोत्सव तो बाल भवन में बाल फैस्टिवल मेला। दिसम्बर माह में पाँच दिनी तानसेन समारोह और इन सबके अलावा हर महीने फनगीरी और ग्वालियर के सांस्कृतिक वैभव पर केन्द्रित अन्य रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम वर्ष भर आयोजित होंगे। इसके लिये जिला पर्यटन संवर्धन परिषद द्वारा “मुख्यमंत्री पर्यटन पर्व” के नाम से वार्षिक सांस्कृतिक कैलेण्डर तैयार किया गया है। कलेक्टर एवं अध्यक्ष जिला पर्यटन संवर्धन परिषद राहुल जैन ने सोमवार को इस कैलेण्डर का विमोचन किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ नीरज कुमार सिंह व अपर कलेक्टर शिवराज वर्मा मौजूद थे। 
जीटीपीसी (ग्वालियर टूरिज्म प्रमोशन काउन्सिल) द्वारा तैयार पर्यटन पर्व कैलेण्डर के अनुसार 11 नवम्बर को फूलबाग स्थित संभागीय ग्रामीण हाट बाजार में हस्तशिल्प एवं हथकरघा मेला आयोजित किया जायेगा। यह मेला जिला पंचायत, नगर निगम, पर्यटन विभाग तथा हरकरघा व हस्तशिल्प एवं मेला विकास प्राधिकरण के सहयोग से लगेगा। इसी क्रम में बाल भवन में 7 से 14 नवम्बर तक स्कूल शिक्षा एवं नगर निगम की संयुक्त भागीदारी से बाल फैस्टिवल मेला आयोजित होगा। संस्कृति विभाग के तत्वावधान में दिसम्बर माह के दौरान पाँच दिवसीय तानसेन समारोह आयोजित किया जायेगा। वन विभाग के तत्वावधान में 16 दिसम्बर से 15 जनवरी 2018 तक नलकेश्वर महोत्सव-अनुभूत कार्यक्रम (ईको पर्यटन महोत्सव) का आयोजन होगा। जिसके तहत वर्ड वाचिंग, हैरीटेज वॉक, फोटोग्राफी आदि गतिविधियाँ होंगीं। तिघरा, जीवाजी विश्वविद्यालय, पुराना विश्रामगृह, मोहना, घाटीगाँव, पहसारी डैम इत्यादि में यह गतिविधियाँ होगीं। 
पर्यटन कैलेण्डर के अनुसार 22 से 26 दिसम्बर तक जीटीपीसी द्वारा तिघरा में “झील महोत्सव” का आयोजन किया जायेगा।  25 दिसम्बर से 07 फरवरी 2018 तक ग्वालियर व्यापार मेला प्राधिकरण द्वारा लगाए जाने वाले ग्वालियर मेला को भी पर्यटन पर्व के कैलेण्डर में शामिल किया गया है। कैलेण्डर के तहत नगर निगम द्वारा आगामी 10 जनवरी को मैराथन दौड़ का आयोजन कराया जायेगा। नगर निगम, जीटीपीसी, स्मार्ट सिटी तथा पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के संयुक्त तत्वावधान में 16 से 18 फरवरी 2018 तक बैजाताल एवं शहर के अन्य स्थलों पर “ग्वालियर महोत्सव” के तहत कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। 
पर्यटन कैलेण्डर के अनुसार 20 से 31 मार्च 2018 तक मेला विकास प्राधिकरण द्वारा शिल्प बाजार मेला, जल विहार में नगर निगम द्वारा 29 मार्च को गुड़ी पड़वा-नव संवत्सर मेला, 01 से 31 मई तक स्कूल शिक्षा एवं जिला पंचायत द्वारा समर कैम्प, 15 मई से 30 जून तक मेला विकास प्राधिकरण द्वारा समर नाईट मेला और 18 जून 2018 को नगर निगम एवं बलिदान मेला आयोजन समिति के संयुक्त तत्वावधान में वीरांगना मेला का आयोजन किया जायेगा। 

Share This News :