Home > अपना शहर ,
हर्षोल्लास एवं गरिमामय ढंग से मनेगा मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस

ग्वालियर । मध्यप्रदेश का स्थापना दिवस सम्पूर्ण प्रदेश की भाँति ग्वालियर जिले में भी हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ मनाया जायेगा। स्थापना दिवस पर एक नवम्बर को जिले का मुख्य समारोह यहाँ वीरांगना लक्ष्मीबाई की समाधि के सामने स्थित मैदान पर प्रात: 10.30 बजे आयोजित होगा। समारोह की मुख्य अतिथि प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह होंगी। समारोह में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। साथ ही शासकीय योजनाओं पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगेंगीं। कलेक्टर राहुल जैन ने सोमवार को संबंधित अधिकारियों की बैठक लेकर स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों की समीक्षा की।
निर्धारित कार्यक्रम के तहत एक नवम्बर को प्रात: 10.30 बजे मुख्य अतिथि श्रीमती माया सिंह द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान होगा। इसके पश्चात मुख्य अतिथि द्वारा प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया जायेगा। इसके बाद उपस्थित जन समूह को प्रदेश के विकास एवं समृद्धि के लिये दृढ़ प्रतिज्ञ होने का संकल्प दिलाया जायेगा। इसी क्रम में मध्यप्रदेश गान का गायन होगा। इसके पश्चात विभिन्न सरकारी एवं निजी स्कूलों के बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जायेंगे। कार्यों का उत्कृष्ट निष्पादन करने वाले शासकीय सेवकों व संस्थाओं को भी कार्यक्रम के अंतिम सत्र में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जायेगा।
कलेक्टर राहुल जैन ने सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों को अधीनस्थ स्टाफ के साथ समारोह में अनिवार्यत: उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने जिलेवासियों से भी इन कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की है। जैन ने शासकीय भवनों पर स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में रोशनी करने के निर्देश भी दिए हैं। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नीरज कुमार सिंह व अपर कलेक्टर शिवराज वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।
संस्थायें प्रस्तुत करेंगीं सांस्कृतिक कार्यक्रम
वीरांगना लक्ष्मीबाई मैदान पर आयोजित मुख्य समारोह में ग्वालियर ग्लोरी स्कूल, शा. पद्मा कन्या उमावि, रेडियंट स्कूल नया बाजार, प्रगति विद्यापीठ मुरार एवं रामश्री इंडिया इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जायेंगे।
हाट बाजार में होगी सांस्कृतिक संध्या
मध्यप्रदेश के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एक नवम्बर को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन रखा गया है। सायंकाल 7 बजे फूलबाग स्थित संभागीय ग्रामीण हाट बाजार में विभिन्न संस्थाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जायेंगे। संगीत संध्या के कार्यक्रमों की शुरूआत बनवासी विद्यालय केदारपुर के संगीत आधारित योग प्रदर्शन से होगी। इसके बाद सरस्वती शिशु मंदिर नदी गेट द्वारा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ थीम पर आधारित नाटिका का मंचन किया जायेगा। संगीत संध्या में इसके बाद राजा मानसिंह तोमर संगीत विश्वविद्यालय के कलाकारों द्वारा प्रस्तुत की जाने वाली गायन एवं नृत्य की प्रस्तुतियाँ इस समारोह का मुख्य आकर्षण होंगीं।

Share This News :