Home > अपना शहर ,
गुलाबी सर्दी का असर दिखने लगा रात में, गर्म कपड़े भी निकले

ग्वालियर। गुलाबी सर्दी का दौर अब धीरे-धीरे रंग दिखाने लगा है। इसका असर रात के समय ज्यादा बना हुआ है, जिससे रात और दिन के तापमान में 20 डिग्री के आसपास का भारी अंतर आ गया है। स्वास्थ्य की दृष्टि से ऐसे में खास ऐहतियात की जरुरत है।
मौसम के मौजूदा तेवरों से अब रात में लोगों को कंबल की जरुरत पड़ने लगी है। वहीं कई लोग अभी से सुबह-शाम स्वेटर का सहारा लेने लगे हैं। दरअसल देवठान के बाद से अंचल के मौसम में आए इस बदलाव के चलते रात और दिन के पारे में चल रहा 18 डिग्री के आसपास का फासला अब और बढ़ गया है। इसकी वजह है रात के तापमान में दिन की अपेक्षा तेजी से गिरावट आना। पिछले तीन में रात के समय ठंड बढ़ने का क्रम लगातार जारी रहने से अब रात और दिन के पारे में 20 डिग्री से ज्यादा का अंतर आ गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में रात के पारे में गिरावट का ये दौर जारी रहेगा। वहीं दो दिन बाद दिन का तापमान भी दबने लगेगा। इसके अलावा शाम के समय आसमान में धुंध छाने से अब सूरज ढलने के साथ ही ठंडक का ऐहसास होने लगा है। ऐसे में रात को बाहर निकलने वाले खासतौर से दुपहिया वाहन चालक और अल सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकलने वालों को गर्म कपड़ों की जरुरत पड़ने लगी है। आज का न्यूनतम पारा 14.4 डिग्री के आसपास रहा। 

Share This News :