Homeराज्यो से ,प्रमुख खबरे,खास खबरे,
उत्‍तर मध्‍य रेलवे के सभी रनिंग रूम होंगे वातानुकूलित

उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय सूबेदारगंज इलाहाबाद के विन्ध्य सभागार में महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे श्री एम.सी. चौहान की अध्यक्षता में संरक्षा/समय पालन बैठक का आयोजन हुआ। इस बैठक में उत्तर मध्य रेलवे मुख्यालय के सभी प्रमुख विभागाध्यक्ष एवं वीडियो कॉन्फ्रेसिंग के माध्यम से तीनो मण्डलों इलाहाबाद, आगरा एवं झांसी के मण्डल रेल प्रबंधक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के प्रारम्भ मे महाप्रबंधक, उत्‍तर मध्‍य रेलवे ने सम्‍बोधन में कहा कि उत्‍तर मध्‍य रेलवे ने अबतक ‘सिग्‍नल पासिंग एट डैन्‍जर’(स्‍पैड) से बचाव के सन्‍दर्भ में अच्‍छा प्रदर्शन किया। आगा‍मी कोहरे के मौसम को ध्‍यान में रखते हुए स्‍पैड के सन्‍दर्भ में अपने प्रयासों को बढाना होगा ताकि उत्‍तर मध्‍य रेलवे का यह बेदाग प्रदर्शन आगे भी जारी रह सके।

बैठक में सभी रनिंग रूमों को वातानुकूलित करने के सम्‍बन्‍ध में गहन चर्चा हुई। रनिंग रूम वह सुविधा है जिसका लाभ लोकोपायलटों, सहायक लोकोपायलटों एवं रेलगाडियों के गार्डो को मिलता है और वे वहॉ आराम करते है। रनिंग स्‍टाफ को समुचित आराम मिलना रेलगाडियों के संरक्षित संचालन के लिए अत्‍यधिक आवश्‍यक है। बैठक में यह निर्णय किया गया कि अगली गर्मियों के मौसम के पहले ही उत्‍तर मध्‍य रेलवे के सभी रनिंग रूमों को वातानुकूलित कर दिया जायेगा। बैठक में रेलफ्रैक्‍चरों एवं वेल्‍डफेलियरों को कम करने के सम्‍बन्‍ध में भी विस्‍तार पूर्वक चर्चा की गई। महाप्रबन्‍धक श्री एम.सी. चौहान ने कहा कि विशेष तौर पर बदलते मौसम में रेलफ्रैक्‍चरों एवं वेल्‍डफेलियरों की सम्‍भावना का आकलन करते हुए उनसे बचाव के हर सम्‍भव प्रयास किये जाने चाहिए।

समयपालनता के सम्‍बन्‍ध में बैठक में बोलते हुए मुख्‍य परिचालन प्रबन्‍धक,उत्‍तर मध्‍य रेलवे ने कहा कि समयपालनता में यद्यपि सुधार परिलक्षित हो रहा है किन्‍तु उत्‍तर मध्‍य रेलवे के समक्ष लाइन क्षमता की कमी के बावजूद इसमें और सुधार की सम्‍भावना है। बैठक में एक्‍सल-लॉक के केसों को कम करने, रेलवे ट्रैकों की ट्रेस पासिंग के केसों में बचाव, कैटल रन ओवर के केसों से बचाव, वेसाइड स्‍टेशनों पर कार्य कर रहे रेलकर्मियों की सुरक्षा और मेन लाइन पर गति प्रतिबन्‍धों में कमी करने आदि विषयों पर चर्चा हुई। इस दौरान महाप्रबन्‍धक उत्‍तर मध्‍य रेलवे ने रोलिंग स्‍टाक में सफलता पूर्वक कमी को पकडने वाले एक गार्ड और टीएक्‍स आर स्‍टाफ के लिए पुरस्‍कार की घोषणा की ।

Share This News :