Home > अपना शहर ,
मुख्यमंत्री के निर्देश पर हेमलता को मिली 30 हजार रूपए की सहायता

ग्वालियर । समाधान ऑनलाइन में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देश पर डबरा की हेमलता शाक्य को तुरंत 30 हजार रूपए की आवास भत्ते की राशि कलेक्टर राहुल जैन द्वारा उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री चौहान ने आवास भत्ता सहायता योजना की पुन: समीक्षा कर दीर्घकालीन डिप्लोमा कोर्सों के विद्यार्थियों को भी इस योजना से जोड़ने के लिये प्रावधान के निर्देश वरिष्ठ अधिकारियों को दिए हैं। 
 

 
समाधान ऑनलाइन के माध्यम से प्रतिमाह मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा चुनिंदा प्रकरणों की मॉनीटरिंग की जाती है। इसी कड़ी में मंगलवार को ग्वालियर जिले के डबरा तहसील निवासी हेमलता शाक्य द्वारा सीएम हैल्पलाइन नम्बर पर इस आशय की शिकायत दर्ज कराई गई थी कि उसके द्वारा जेबी नर्सिंग कॉलेज ग्वालियर से तीन वर्षीय नर्सिंग डिप्लोमा कोर्स किया गया। सुश्री शाक्य आरक्षित वर्ग की होने के कारण उन्हें राज्य शासन की आवास भत्ता सहायता योजना के तहत अध्ययन के लिये अन्य शहरों में रहने पर आवास भत्ते की राशि का भुगतान किया जाता है। सुश्री हेमलता को वर्ष 2014-15 में 24 हजार रूपए की राशि उच्च शिक्षा विभाग द्वारा प्रदान भी की गई। लेकिन वर्ष 2015-16 और 2016-17 में यह राशि उन्हें उपलब्ध नहीं कराई गई। 
इस प्रकरण की विस्तृत जानकारी कलेक्टर द्वारा सहायक आयुक्त अनुसूचित जाति, नोडल विभाग जीवाजी विश्वविद्यालय नर्सिंग कॉलेज से मंगाने पर ये तथ्य प्रकाश में आए कि 2015-16 में शासन नियमों में संशोधन हो जाने के कारण सुश्री हेमलता शाक्य को यह राशि स्वीकृत नहीं की जा सकी है। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कलेक्टर को दो वर्ष की लंबित राशि 30 हजार रूपए तुरंत उपलब्ध कराने तथा दीर्घकालीन डिप्लोमा कोर्सों के लिये भी आरक्षित वर्ग के विद्यार्थियों को आवास भत्ता प्रदान करने के लिये दिशा-निर्देश तैयार करने के निर्देश वरिष्ठ अधिकारियों को दिए। 

Share This News :