Home > अपना शहर ,
सिक्का लेने से मना करने पर होगी कार्रवाई

ग्वालियर । कलेक्टर राहुल जैन ने कहा है कि इंडियन करेन्सी लेने से इनकार करने पर भारतीय सिक्का अधिनियम-2011 की धारा-6 के तहत कार्रवाई की जाए। उन्होंने इस आशय के निर्देश सभी एसडीएम, तहसीलदार और थाना प्रभारी को दिए हैं। 
कलेक्टर राहुल जैन ने कहा है कि विभिन्न माध्यमों से यह जानकारी और शिकायत उन्हें प्राप्त हो रही हैं कि बाजार तथा बैंकों में सिक्के लेने से इनकार किया जा रहा है। ऐसा किया जाना भारतीय सिक्का अधिनियम-2011 की धारा-6 का उल्लंघन है, जो अपराध की श्रेणी में आता है। उन्होंने सभी कार्यपालिक मजिस्ट्रेट और थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि इस तरह की शिकायत उनके कार्यक्षेत्र के अंतर्गत पाई जाती है तो संबंधित व्यक्ति या संस्था के विरूद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही यह अधिकारी अपने क्षेत्रांतर्गत इस तरह की घटनाओं पर नजर भी रखें। उन्होंने अग्रणी बैंक प्रबंधक को भी इस आशय के निर्देश दिए हैं कि वह सभी संबंधित बैंकों को भी इस संबंध में अवगत करायें। 
जैन ने इसके साथ ही सभी बैंकों को निर्देश दिए हैं कि वे बैंकों के बाहर इस आशय का एक फ्लैक्स या पोस्टर भी लगवाना सुनिश्चित करें, जिसमें इस बात का स्पष्ट उल्लेख हो कि – 
1. रिजर्व बैंक द्वारा स्पष्ट किया जा चुका है कि बाजार में प्रचलित सभी सिक्के असली हैं। अत: आम जनता से अनुरोध है कि अपवाहों पर ध्यान न दें। 
2. सिक्के बैंकों द्वारा स्वीकार किए जा रहे हैं। आमजन, व्यापारी, संस्था बैंक में आकर जमा की जाने वाली राशि के साथ सिक्के भी जमा करा सकते हैं। 
3. रिजर्व बैंक द्वारा स्पष्ट किया गया है कि सिक्के बाजार में प्रचलन के लिये जारी किए गए हैं न कि वापस बैंक में जमा करने के लिये। 
4. रिजर्व बैंक से प्राप्त जानकारी के अनुसार सिक्का अधिनियम के अनुसार यदि कोई व्यक्ति, संस्था, बैंक में सिक्के जमा करना चाहती है और उससे संबंधित बैंक द्वारा इनकार किया जाता है तो देने या जमा करने वाला एक हजार रूपए तक की अपनी देनदारी से मुक्त हो जायेगा। 
5. सिक्का अस्वीकार करने वालों के विरूद्ध सिक्का अधिनियम के प्रावधानों के तहत कार्रवाई की जायेगी। 

Share This News :