Home > मनोरंजन ,
पद्मावती के एक चरित्र में खो गया लाखों का बलिदान, कई बड़े मुद्दे

मुख्यधारा का इतिहास रानी पद्मावती को इतिहास नहीं मिथक बताता है. लोकोक्त इतिहास उन्हें अपने कथानकों का चरित्र बताता है. पद्मावती एक ऐसी रानी हैं जो इतिहास और साहित्य के बीच लुकाझिपी करती नज़र आती हैं. लोकोक्त इतिहास साक्ष्यों के अभाव में इतिहास नहीं माना जाता. लेकिन इतिहास तो मिथक का भी होता है. क्योंकि समाज का एक हिस्सा उसे अपने साथ पीढ़ी दर पीढ़ी लेकर चलता है.

लेकिन कल्पना कीजिए उस स्थिति की जिसमें ऐसा कोई चरित्र सारे इतिहासबोध और आज की चेतना, दोनों पर कब्ज़ा कर ले. ऐसा  à¤ªà¤¦à¥à¤®à¤¾à¤µà¤¤à¥€ à¤”र इतिहास के कई ऐसे चरित्रों के संदर्भ में साफ साफ दिखाई देता है.

पद्मावती के इतिहास पर बहस करने वाले लोग दुर्ग की किसी और रानी का नाम नहीं जानते जो पद्मावती के साथ जौहर को प्राप्त हुईं. पद्मावती अकेली तो थीं नहीं. 18 हजार महिलाएं. कितनी ही रानियां, राजकुमारियां, क्षत्राणियां, पुरखिनें, पुरोहितिन, सेविकाएं और दासियां बताए गए कथानकों के अनुसार इस अग्नि में स्वाहा हो गईं. उनका नाम किसी को याद है क्या?

कहते हैं कि खिलजी ने 30 हजार लोगों को एक ही दिन में मार दिया था. ये किसी बम विस्फोट में नहीं मरे और न ही भुस्खलन में. लड़ते-लड़ते मर गए. पराजित हुए लेकिन पराजित होने से पहले लड़े. तो क्या इनका जीवन कुछ मोल नहीं रखता था. क्या इनका जिक्र इतिहास कहीं और कभी करता है. क्या इज्जत के लिए जौहर अपने राज्य की रक्षा के लिए बलिदान से बड़ा हो गया. और क्या बलिदान इतना छोटा है कि इनका कोई नामलेवा तक नहीं है. बलिदान हुए क्षत्रिय केवल संख्याएं बनकर रह गए. मारे गए लोगों का आंकड़ा. बस.

इस दुर्ग के भीतर और बाहर एक पूरी आबादी रही होगी जिसमें न मालूम कितनी जातियों, समुदायों के लोग रहे होंगे. इन युद्धों में उनका क्या हुआ. उनको किसने मारा और किसने अपना दास बनाया. वो नियति के तराजू में किस पलड़े पर रखे गए. इस बारे में इतिहास खामोश है. न नाम है, न संदर्भ है.

बस रानी का इतिहास ही इतिहास है. साहित्य की वो नायिका है और इतिहास का हिस्सा मानने वालों के लिए इतिहास का एक पूज्य चरित्र. लेकिन आधार क्या है. क्या महज इसलिए कि वो रानी थी, उसका बलिदान बड़ा हो गया. क्या महज इसलिए कि वो अप्रतिम सुंदरी थी, उसका बलिदान बाकी रानियों, लोगों, जातियों पर भारी पड़ा. अग्नि की आंच रानी और दासी की चमड़ी में भेद नहीं करती और न जलने की पीड़ा लोगों को अलग-अलग पहचानती है.

दरबारी इतिहास दरअसल राजाओं और रानियों का ही होता है. ऐसी ही बीमारी साहित्य की भी है. दोनों का एक बड़ा हिस्सा एक बड़े समय तक राज प्रासादों के प्रसवों से बलिदानों तक सिमटा हुआ है.

Share This News :