Home > अपना शहर ,
उत्साह के साथ मना मीलादुन्नबी, निकले जुलूस, हुर्इं तकरीरें

ग्वालियर। दिलों में रसूल की मोहब्बत और लबों पर दरुद शरीफ नातिया कलाम, नारे तकबीर से गूंजती फिजाएं...। कुछ ऐसा ही नजारा था जश्न-ए-ईद मीलाद उन नबी का। शहर में आज शान ओ शौकत के साथ जुलूस ए मोहम्मदी निकाला गया। जिलेभर में पैगम्बरे इस्लाम मोहम्मद सल्ललाहो अलैहे वसल्लम की यौमे पैदाइश का जश्न मनाया गया।
मालूम हो कि इस्लाम के संस्थापक मोहम्मद साहब का जन्म 517 ई. में मक्का (सऊदी अरब) में आज ही के दिन हुआ था। सो उनकी यौमे पैदाइश का जश्न शहर में धूमधाम से मनाया गया। नूर की बारिश में नहाए सरकार के दीवानों ने शहर के दस अलग-अलग स्थानों से मोहम्मदी जुलूस निकाले। इन जुलूसों में बुजुर्ग, युवा, बच्चे सभी शामिल थे। सभी जुलूस विभिन्न रास्तों से होते हुए फूलबाग स्थित मोती मस्जिद पहुंचे। यहां आयोजित दीनी मजलिस में आए मुस्लिम विद्वानों ने वतन के साथ वफादारी एकता और भाईचारे का संदेश दिया। तकरीरों में कहा गया कि पैगम्बर साहब गरीबों के रहनुमा थे, सो हर मौमिन को उनके इस संदेश को अपने जहन में रखना चाहिए।  
कार्यक्रम में ईमान अफसोस व दुआओं का कार्यक्रम भी रखा गया। शहर में सुबह से जुलूस निकलना शुरु हुए। यह जुलूस सराफा, गश्त का ताजिया, राम मंदिर, छप्पर वाला पुल, शिंदे की छावनी होते हुए डीडी मॉल के सामने से फूलबाग पहुंचे, वहीं शंकरपुर बहोड़ापुर से आने वाला जुलूस बहोड़ापुर तिराहा, शिंदे की छावनी, डीडी मॉल के सामने से होते हुए फूलबाग आए। कम्पू ईदगाह मस्जिद का जुलूस भी कम्पू, नया बाजार से इंदरगंज होते हुए फूलबाग पहुंचा। मुुरार थाटीपुर से जुलूस, स्टेशन, पड़ाव के रास्ते होते हुए फूलबाग मोती मस्जिद तक पहुंचे। इस दौरान कई जगह जाम की स्थिति निर्मित होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कई जगह ट्रैफिक पुलिस द्वारा रुट डायवर्ट किए गए।

Share This News :