Home > अपना शहर ,
जयारोग्य अस्पताल में एयरकंडीशन के लिये मिले एक करोड़ 14 लाख

ग्वालियर । ग्वालियर संभाग के आयुक्त बी एम शर्मा ने कहा है कि जयारोग्य चिकित्सालय में आने वाले मरीजों के अटेण्डरों के लिये बैठने की व्यवस्था बेहतर हो तथा अस्पताल परिसर में आने वाले लोगों के वाहनों के लिये सुव्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके लिये लोक निर्माण विभाग, पीआईयू सेल और अस्पताल के चिकित्सक मिलकर तीन दिवस में विस्तृत प्लान तैयार कर प्रस्तुत करें।
संभागीय आयुक्त बी एम शर्मा ने अस्पताल और मेडीकल कॉलेज की व्यवस्थाओं के संबंध में मंगलवार को अपने सभाकक्ष में बैठक ली और अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में पीआईयू सेल के अष्ठाना, डीपीओ अष्ठपुत्रे, पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर जादौन, जेएएच के अधीक्षक डॉ. जे एस सिकरवार सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
संभागीय आयुक्त बी एम शर्मा ने बैठक में बताया कि शासन स्तर से जयारोग्य अस्पताल के विभिन्न कक्षों में एयरकंडीशन लगाने के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी गई है। इसके लिये शासन स्तर से एक करोड़ 14 लाख रूपए की राशि भी जारी कर दी गई है। उक्त राशि से अस्पताल में एयरकंडीशन स्थापित किए जायेंगे। बी एम शर्मा ने बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पताल में आने वाले मरीजों का समय पर उपचार हो और उनके साथ आने वाले परिजनों को भी बैठने और पानी आदि की व्यवस्थायें सुनिश्चित की जाएँ।
जयारोग्य अस्पताल के अधीक्षक डॉ. सिकरवार ने अस्पताल की व्यवस्थाओं के संबंध में आयुक्त को विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अस्पताल में प्रतिदिन आने वाले मरीजों के लिये की गई व्यवस्थाओं की भी जानकारी दी।

Share This News :