Home > अपना शहर ,
ग्वालियर के सुनियोजित विकास में स्मार्ट सिटी की अहम भूमिका : पवैया

ग्वालियर । देश में शहरों के सुनियोजित विकास के लिये प्रधानमंत्री द्वारा स्मार्ट सिटी की अवधारणा लाई गई है। स्मार्ट सिटी के तहत देश के 100 शहरों का व्यवस्थित विकास किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी के तहत किए जाने वाले कार्यों को मिशन के रूप में किया जाना चाहिए। ग्वालियर स्मार्ट सिटी में शामिल होने से ग्वालियर का चहुँमुँखी विकास हो, इसके प्रयास प्रारंभ हो गए हैं। प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह एवं प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया के आतिथ्य में शुक्रवार को आईआईटीटीएम के सभागार में देश भर की स्मार्ट सिटी में कार्यरत वेण्डर्स, कॉन्ट्रेक्टर्स एवं इन्वेस्टर्स की एक दिवसीय कार्यशाला में यह बात कही गई। 
कार्यशाला में मध्यप्रदेश सामान्य निर्धन वर्ग कल्याण आयोग के अध्यक्ष बालेन्दु शुक्ल, ग्वालियर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष अभय चौधरी, विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष राकेश जादौन, विधायक भारत सिंह कुशवाह, संभागीय आयुक्त बी एम शर्मा, पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार, कलेक्टर राहुल जैन, नगर निगम कमिश्नर विनोद शर्मा, स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी महिप तेजस्वी सहित देश भर से 100 से अधिक प्रतिभागियों ने कार्यशाला में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि ग्वालियर एतिहासिक और पुरातात्विक महत्व का शहर है। ग्वालियर के विकास के लिये द्वितीय चरण में इसे स्मार्ट सिटी में स्थान प्राप्त हुआ है। ग्वालियर के विकास में देशभर में कार्य कर रहीं विभिन्न कंपनियों, कान्ट्रेक्टरों और इन्वेस्टरों का सहयोग अपेक्षित है। इसी उद्देश्य से इस कार्यशाला का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाओं से देश के अन्य क्षेत्रों में किए जा रहे अनुकरणीय कार्यों की जानकारी मिलती है। इसके साथ ही अच्छे कार्य करने वाले वेण्डरों और कॉन्ट्रेक्टरों को भी काम करने का अवसर उपलब्ध होता है। 
नगरीय प्रशासन मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला प्रदेश है जिसके सात शहरों को स्मार्ट सिटी परियोजना में स्थान मिला है। प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के 12 शहरों को मिनी स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित करने का निर्णय भी लिया है। इसके लिये 25 करोड़ रूपए की धनराशि भी उपलब्ध कराई गई है। प्रदेश में नगरों के सुव्यवस्थित विकास के लिये सरकार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के ही जबलपुर शहर में कचरे से बिजली बनाने का कार्य प्रारंभ हो गया है। इसके साथ ही इंदौर, भोपाल और ग्वालियर में भी शीघ्र ही कचरे से बिजली बनाने का कार्य प्रारंभ होगा। श्रीमती माया सिंह ने कहा कि प्रदेश स्तर पर 9 कंपनियों ने कचरे से सीमेंट बनाने का भी प्रस्ताव दिया है, जिस पर शीघ्र ही कार्य किया जायेगा। इसके साथ ही कटनी और सागर में भी कचरे से खाद बनाने का कार्य किया जा रहा है। 
श्रीमती माया सिंह ने कहा कि ग्वालियर स्मार्ट सिटी परियोजना में 72 मॉड्यूलों पर कार्य किया जाना हैं, जिनमें 9 मॉड्यूलों पर कार्य प्रारंभ हो गया है। शेष मॉड्यूलों पर भी तत्परता से कार्य किया जाए, इसके लिये अच्छे से अच्छे वेण्डर और कॉन्ट्रेक्टरों से संपर्क किया जा रहा है। स्मार्ट सिटी परियोजना का कार्य 5 वर्षों में पूर्ण किया जाना है। इन कार्यों के पूर्ण होने से ग्वालियर की तकदीर और तस्वीर बदली-बदली नजर आयेगी। उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया ने कहा कि ग्वालियर के विकास में स्मार्ट सिटी की महत्वपूर्ण भूमिका है। स्मार्ट सिटी के तहत महाराज बाड़े और ग्वालियर की स्वर्णरेखा नदी को व्यवस्थित करने का कार्य किया जा रहा है। यह कार्य पूर्ण होने पर हमारे शहर की सुंदरता को चार चाँद लग जायेंगे। उन्होंने कहा कि ग्वालियर एतिहासिक और सांस्कृतिक रूप से संपन्न शहर है। यहाँ पर पुरातत्व महत्व की अनेक विरासतें विद्यमान हैं। स्मार्ट सिटी के तहत प्रधानमंत्री की मंशा के अनुरूप बेहतर से बेहतर कार्य किए जाकर जन-मानस को आधुनिक सुविधायें उपलब्ध कराई जा रही हैं। 
जयभान सिंह पवैया ने कहा कि ग्वालियर की स्वर्ण रेखा नदी को व्यवस्थित कर उसमें स्वच्छ जल प्रवाहित करने के साथ ही नौकायन का भी कार्य किया जायेगा। इसके साथ ही महाराज बाड़े को और व्यवस्थित करने का कार्य किया जा रहा है। महाराज बाड़ा किसी भी दृष्टि से पेरिस से कम नहीं है। पवैया ने कहा कि बाहर के उद्योगपतियों, वेण्डरों और ठेकेदारों के लिये ग्वालियर में कार्य करने का बेहतर माहौल है। यहाँ की कानून व्यवस्था भी अच्छी है। प्रदेश सरकार बाहर के उद्योगपतियों को प्रदेश में कार्य करने के लिये बेहतर माहौल और पूर्ण सहयोग प्रदान कर रही है। उन्होंने स्मार्ट सिटी परियोजना से जुड़े सभी विभागीय अधिकारियों को भी कहा कि परियोजना के तहत जो कार्य हाथ में लिए जाएँ, उनमें गुणवत्ता और समय-सीमा का विशेष ध्यान दिया जाए। 
प्रारंभ में कलेक्टर एवं स्मार्ट सिटी कंपनी के अध्यक्ष राहुल जैन ने बताया कि स्मार्ट सिटी के तहत ग्वालियर में तेजी से कार्य प्रारंभ कर दिए गए हैं। स्मार्ट सिटी के तहत महाराज बाड़े का विकास, स्वर्णरेखा नदी का जीर्णोद्धार, स्मार्ट सिटी बस, स्मार्ट रोड़, एतिहासिक इमारतों पर फसाहट लाईट, उद्यानों का विकास आदि कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। इसके साथ ही आम लोगों को बेहतर सुविधायें उपलब्ध कराने हेतु एक एप भी तैयार किया जा रहा है, जिसके माध्यम से आम लोगों को सभी सुविधायें घर बैठे उपलब्ध होने लगेंगी। जैन ने बताया कि स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत कोर एरिया और पेन सिटी के तहत कार्यों को हाथ में लिया गया है। स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत किए जा रहे कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सभी विभागों के सहयोग से कार्य में तेजी लाई जा रही है। कार्यशाला के प्रारंभ में स्मार्ट सिटी के मुख्य कार्यपालन अधिकारी महिप तेजस्वी ने स्मार्ट सिटी परियोजना ग्वालियर के बारे में प्रजेण्टेशन दिया। बाहर से पधारे सभी प्रतिभागियों के समक्ष स्मार्ट सिटी पर केन्द्रित एक फिल्म का प्रदर्शन भी किया गया। 

Share This News :