Home > मनोरंजन ,
इस साल नहीं होगा सैफई महोत्सव, समाजवादी परिवार में रार बनी वजह

इटावा। à¤ªà¤¿à¤›à¤²à¥‡ वर्ष की तरह सैफई महोत्सव इस वर्ष भी नहीं मनाया जाएगा। माना जा रहा है कि समाजवादी परिवार में रार के चलते इस महोत्सव को टाल दिया गया है। हर वर्ष 26 दिसंबर से शुरू होने वाले इस सांस्कृतिक महोत्सव के न होने से स्थानीय लोग काफी निराश हैं।

हालांकि, बीते दिनों सैफई महोत्सव कमेटी ने इस आयोजन के लिए मुलायम सिह यादव और अखिलेश यादव को अधिकृत कर दिया था, लेकिन दोनों इस महोत्सव के प्रति उदासीन हैं। सपा संरक्षक मुलायम सिह यादव के भतीजे रणवीर सिह यादव की स्मृति में सैफई महोत्सव का आयोजन किया जाता था।

इसकी शुरुआत 1996 में रणवीर सिंह यादव ने की थी। पहले यह मेला ब्लाक प्रांगण में छोटे से रूप में लगाया जाता था। धीरे-धीरे इसने विस्तार ले लिया। साल 2002 में मेला संस्थापक रणवीर सिह यादव का निधन हो गया। इसके बाद साल 2003 में मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व में प्रदेश में सपा की सरकार बनी, तो मेले का नामकरण रणवीर सिंह यादव के नाम पर ही कर दिया गया।

मुलायम ने सैफई के मेले को भव्यता प्रदान करते हुए ब्लाक स्तर पर एक भव्य पंडाल का निर्माण कराया। उसके बाद सैफई महोत्सव ख्याति के नए सोपान चढ़ता चला गया।

चौथा मौका, जब नहीं होगा महोत्सव

यह चौथा मौका है, जब महोत्सव नहीं होगा। इससे पहले 2007 व 2011 में विधानसभा चुनाव की आचार संहिता के चलते इसको रद किया गया था और 2016 में मुलायम परिवार में खींचतान का ग्रहण लगा था। इस वर्ष सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व सपा संस्थापक मुलायम सिह यादव द्वारा रुचि नहीं लेने से यह महोत्सव नहीं हो रहा है।

हालांकि, सैफई गांव में 23 दिसंबर से इंडियन ग्रामीण क्रिकेट लीग का शुभारंभ करने स्वयं अखिलेश यादव आ रहे हैं। बीते दिनों सैफई आए अखिलेश यादव ने सैफई महोत्सव के बारे में पत्रकारों को बताया था कि सीवर लाइन की खोदाई के कारण इस वर्ष सैफई महोत्सव नहीं होगा।

उसकी जगह खेल को बढ़ावा देने के लिए ग्रामीण क्रिकेट लीग का आयोजन कराएंगे और युवाओं को उससे जोड़ा जाएगा। सैफई महोत्सव समिति के कार्यकारी प्रबंधक वेदव्रत गुप्ता का कहना है कि महोत्सव कमेटी ने महोत्सव कराने का फैसला मुलायम सिंह और अखिलेश यादव पर छोड़ दिया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सूबे में सपा की करारी हार व पारिवारिक रार ही महोत्सव न होने का मुख्य कारण है। 

Share This News :