Home > मनोरंजन ,
पद्मावती: रिव्यू के लिए CBFC ने पूर्व राजपरिवार को न्योता भेजा, वंशज ने पूरी फिल्म पर उठाए सवाल

दीपिका पादुकोण, रणवीर सिंह और शाहिद कपूर स्टारर फिल्म पद्मावती की रिलीज को लेकर नए अपडेट्स सामने आ रहे हैं. अाज तक को मिली जानकारी के मुताबिक, सेंसर बोर्ड (सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टीफिकेशन) फिल्म रिव्यू के लिए एक कमेटी का गठन कर रहा है. सेंसर बोर्ड ने राजस्थान के पूर्व राज परिवार को भी शामिल होने का न्यौता भेजा है. विवादों की वजह से दिसंबर में फिल्म की रिलीज टाल दी गई थी. अब कुछ रिपोर्ट्स में मार्च अंत तक फिल्म रिलीज करने की बात सामने आ रही हैं.जानकारी के मुताबिक़ चेयरमैन प्रसून जोशी ने पद्मावती के वंशज और मेवाड़ पूर्व राजघराने के सदस्य विश्वराज सिंह मेवाड़ को कमेटी में शामिल होने का निमंत्रण दिया है. लेकिन कमेटी का हिस्सा बनने से पहले ही विश्वराज सिंह ने सेंसर बोर्ड की कार्य प्रणाली पर कई सवाल उठाए हैं. विश्वराजसिंह ने अभी तक कमेटी में शामिल होने की स्वीकृति नहीं दी हैं. जानकारी के मुताबिक कमेटी में आने से पहले वो प्रसून जोशी से कुछ सवालों के जवाब जानना चाहते हैं.दरसअल, रानी पद्मावती के वंशज विश्वराज सिंह ने कुछ दि‍न पहले प्रसून जोशी को दो पत्र लिख थे. प्रसून को भेजे दो खतों में विश्वराज सिंह ने फिल्म में पद्मावती को लेकर दो सवाल पूछे थे. जिनका जवाब नहीं मिला. सूत्रों के मुताबिक़ प्रसून ने विश्वराज को फोन कर कमेटी में शामिल होने का निमंत्रण दिया था.

Share This News :