Home > अपना शहर ,
किसानों की समृद्धि के लिये उन्नत पशुपालन जरूरी : पवैया

ग्वालियर । किसानों की समृद्धि के लिये उन्नत पशुपालन को बढ़ावा देने की जरूरत है। हस बात को ध्यान में रखकर केन्द्र व सरकार द्वारा कारगर कार्यक्रम बनाए गए हैं। यह बात उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री जयभान सिंह पवैया ने राज्य स्तरीय किसान मेला एवं पशु प्रतियोगिता के समापन व पुरस्कार वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले पशुओं के पालकों को अपने मंत्री स्वेच्छानुदान से ढ़ाई-ढ़ाई हजार रूपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा भी इस मौके पर की। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक भारत सिंह कुशवाह ने की।
रविवार को यहाँ ग्वालियर व्यापार मेला परिसर स्थित पशु मेला प्रांगण में आयोजित हुए कार्यक्रम कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं विधायक नारायण सिंह कुशवाह, नगर निगम सभापति राकेश माहौर, प्रभारी आयुक्त डी डी अग्रवाल व पुलिस महानिरीक्षक अनिल कुमार बतौर विशिष्ट अतिथि मंचासीन थे। उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि गाय केवल पूजनीय ही नहीं, यह देश की समृद्धि का वाहक भी बन सकती है। इसलिये गौपालन को बढ़ावा देने की जरूरत है। उन्होंने विशेषकर देशी गाय के पालन पर जोर दिया। पवैया ने कहा कि गौवंश पर हो रहे तमाम शोधों में यह बात साबित हुई है कि गाय का केवल दूध ही नहीं उसके अन्य उत्पाद भी आय के साधन बन सकते हैं। मसलन गौमूत्र से दवायें और उसके गोबर से कम्पोस्ट, बिजली और रसोई गैस तैयार की जा सकती है। उन्होंने कहा देश की समृद्धि के लिये एक बार फिर से श्वेत क्रांति की जरूरत है। पवैया ने पशु प्रतियोगिताओं में अगले साल से भैंस व गौवंश की अलग-अलग प्रतियोगितायें आयोजित करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा देशी व संकर नस्ल के पशुओं के बीच पृथक-पृथक प्रतियोगितायें आयोजित की जाएँ। 
प्रभारी संभाग आयुक्त डी डी अग्रवाल ने इस अवसर पर कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप किसानों की आय दोगुनी करने में पशु पालन की भी अहम भूमिका है। इस दिशा में सरकार द्वारा उठाए गए कदमों के कारगर परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने कहा पिछले 27 दिसम्बर से जारी किसान मेला एवं पशु प्रतियोगिता में जिले के कृषकों ने बड़े उत्साह के साथ हिस्सा लिया। उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया ने पशु प्रतियोगिताओं में नर पशुओं में से सर्वोत्कृष्ट पशु को राजा और सर्वोत्कृष्ट मादा पशु को रानी के रूप में चयनित किया। साथ ही विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को प्रमाण-पत्र प्रदान किए। सर्वश्रेष्ठ नर पशु (राजा) का पुरस्कार खुदरपुरा निवासी सुल्तान सिंह कुशवाह को मुर्रा नस्ल के भैंसे के लिये मिला। इसी तरह मादा पशु रानी का पुरस्कार भारतीय साहीवाल नस्ल की गाय के लिये सौरभ गौड़ को दिया गया। आरंभ में संयुक्त संचालक पशुपालन डॉ. एस सी रायकवार व मेला सचिव शैलेन्द्र मिश्रा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। स्वागत उदबोधन उप संचालक पशुपालन डॉ. ओ पी त्रिपाठी द्वारा दिया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. आर एम स्वामी ने किया। कार्यक्रम में मेला प्राधिकरण के पूर्व संचालक डॉ. हरिमोहन पुरोहित भी मंचासीन थे। 

Share This News :