Homeखास खबरे,अपना मध्यप्रदेश,
संत और बसंत का सानिध्य सुखदायी होता है: नरोत्तम मिश्र

दतिया । राष्ट्र संत आचार्य श्री 108 ज्ञान सागर महाराज की प्रेरणा एवं सानिध्य में 18वां अखिल भारतीय जैन प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन सिद्ध क्षेत्र सोनागिर में किया गया। सम्मान समारोह में मध्यप्रदेश शासन के जल संसाधन, जनसम्पर्क एवं संसदीय कार्य विभाग मंत्री डाॅ. नरोत्तम मिश्र, पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, सोनागिर कमेटी के सचिव ज्ञानचंद्र जैन, अजय जैन, संजय भार्गव सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। 
जनसम्पर्क मंत्री डाॅ. नरोत्तम मिश्र ने उपस्थित जैन समाज को संबोधित करते हुए कहा कि मेरा सौभाग्य है कि मुझे जैन संतों का दर्शन और सानिध्य मिला। जिस प्रकार बसंत ऋतु का आगमन सुखदायी होता है उसी प्रकार संतो का सानिध्य और आर्शीवाद हमेशा सुखदायी रहता है। उन्होंने जैन समाज की मांग पर सोनागिर क्षेत्र को विशेष पर्यटन में सम्मिलित करने का प्रयास करने का आश्वासन दिया। उन्होंने प्रतिभावान बच्चों को पुरस्कृत करते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कांमना की। इस दौरान जनसम्पर्क मंत्री द्वारा जैन मुनि ज्ञान सागर महाराज एवं विनय सागर महाराज के साथ अन्य संतों का अर्शीवाद लिया। जैन समाज द्वारा जनसम्पर्क मंत्री का मोतियों की माला एवं पगड़ी पहनाकर स्वागत किया।
इस अवसर पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रदीप जैन ने भी अपने विचार व्यक्त किए। पुरस्कार प्राप्त बच्चों को आगे बढ़ने की जिद करने की प्रेरणा देते हुए संस्कार युक्त विद्या ग्रहण करने की बात कही। कार्यक्रम में आसाम, दिल्ली, मध्यप्रदेश, हरियाणा, उत्तरप्रदेश, पंजाब सहित देश के कौने-कौने से आए जैन समाज के बच्चों को सम्मानित किया गया। 

Share This News :