Home > अपना शहर ,
रतनगढ़ माता मंदिर मेले के लिये व्यवस्थायें सुनिश्चित मंदिर से 3 से 12 किलोमीटर दूर खड़े करने होंगे यात्री वाहन

रतनगढ़ माता मंदिर पर 31 अक्टूबर से आयोजित किए जाने वाले तीन दिवसीय मेले में श्रृद्धालुओं की सुरक्षा हेतु ग्वालियर जिला प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थायें सुनिश्चित की गई हैं। जिसके तहत श्रृद्धालुओं के वाहन मंदिर परिसर से कम से कम तीन किलोमीटर और अधिकतम 12 किलोमीटर की दूरी पर रखे जायेंगे।  à¤•लेक्टर डॉ. संजय गोयल द्वारा ग्वालियर जिले से जाने वाले श्रृद्धालुओं के लिये पार्किंग और सुरक्षा व्यवस्था के लिये अधिकारियों को दायित्व सौंपा गया है।

      एडीएम श्री शिवराज वर्मा से प्राप्त जानकारी के अनुसार दतिया जिले के रतनगढ़ माता मंदिर पर 31 अक्टूबर से 2 नवम्बर के बीच विशाल मेले का आयोजन किया जायेगा। रतनगढ़ मेले में आने वाले श्रृद्धालुओं के सुचारू आगमन और सुरक्षा व्यवस्था के लिये जिला प्रशासन द्वारा दो एसडीएम श्री गणेश जायसवाल और श्री विनोद सिंह को व्यवस्थाओं के पर्यवेक्षण का दायित्व सौंपा गया है। इसके साथ ही श्रीमती शारदा पाठक अपर तहसीलदार मुरार व मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मुरार श्री राजीव मिश्रा को मेले का नोडल अधिकारी बनाया गया है। मेले की समस्त व्यवस्थाओं का पर्यवेक्षण और नियंत्रण का दायित्व एसडीएम ग्वालियर ग्रामीण श्री एच बी शर्मा और अन्य विभागीय अधिकारी पुलिस बेहट श्री आर एन पचौरी का होगा।

      मेले में वाहन दुर्घटना को दृष्टिगत रखते हुए वाहनों पर डैग बजाना, डबल ट्रॉली लगाना, बिना लायसेंस और नशे की हालत में वाहन चलाना पूर्णत: प्रतिबंधित किया गया है। ऐसा करने वालों के विरूद्ध कठोर दण्डात्मक कार्रवाई की जायेगी। श्री वर्मा ने बताया कि बेहट रोड़ की ओर से जाने वाले श्रृद्धालुओं के वाहनों की पार्किंग व्यवस्था डी-हैलीपेड-बस, ट्रैक्टर और ट्रक के लिये आरक्षित रहेगा, जिसकी मंदिर से दूरी 12 किलोमीटर है। पार्किंग स्थल-सी उमेश सिंह का खेत जिसमें जीप, कार सहित आदि हल्के वाहन के लिये आरक्षित किया गया है, इनकी मंदिर से दूरी 9 किलोमीटर होगी। पार्किंग स्थल-बी तालाब दो पहिया वाहनों के लिये मंदिर से दूरी 4 किलोमीटर तथा पार्किंग स्थल-ए यह भी दो पहिया वाहनों के लिये 3 किलोमीटर होगा।

      उक्त सभी वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर खड़े किया जाना अनिवार्य है।

Share This News :