Home > अपना शहर ,
मध्यप्रदेश स्थापना दिवस समारोह एक नवम्बर को फूलबाग मैदान पर

मध्यप्रदेश का 60वाँ स्थापना दिवस समारोह एक नवम्बर को सम्पूर्ण प्रदेश के साथ-साथ ग्वालियर जिले में भी धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया जायेगा। फूलबाग मैदान पर आयोजित होने वाला यह मुख्य समारोह प्रात: 10.30 बजे से आयोजित किया जायेगा। इसके आयोजन के लिये सभी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। कलेक्टर डॉ. संजय गोयल द्वारा कार्यक्रम के गरिमापूर्ण आयोजन के लिये दायित्व अधिकारियों और विभागों को सौंप दिया गया है।

      स्थापना दिवस समारोह का आयोजन राज्य से लेकर विकासखण्ड स्तर और नगर पालिका, नगर पंचायत स्तर पर सम्पन्न होगा। राज्य सरकार द्वारा इस कार्यक्रम के आयोजन के लिये 4 लाख रूपए की राशि जिला प्रशासन को उपलब्ध करा दी गई है। जिला स्तरीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा ध्वजारोहण किया जायेगा। तत्पश्चात राष्ट्रगान और माननीय मुख्यमंत्री जी के संदेश का वाचन होगा। इसके उपरांत उपस्थित जन समुदाय को प्रदेश के विकास एवं समृद्धि के लिये दृढ़ प्रतिज्ञ होने का संकल्प भी दिलाया जायेगा।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश गान की सीडी भी बनाई जायेगी। इसमें जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, उद्यमियों, व्यवसाईयों, समाजसेवियों, धर्मगुरूओं, स्वयंसेवी संस्थाओं, केन्द्र शासन के अधिकारियों, रेलवे के अधिकारियों, कॉमर्सियल अधिकारी, आर्मी फोर्स के अधिकारी, शासकीय अधिकारी, जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, लोकतंत्र के सेनानी, शहीद सैनिकों के परिवार जन को आमंत्रित किया जायेगा। सभी शासकीय कार्यालयों पर एक नवम्बर की रात्रि को प्रकाश व्यवस्था भी किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

स्थापना दिवस समारोह का आयोजन विकासखण्ड स्तर पर स्थानीय विधायक की उपस्थित तथा नगर पालिका, नगर पंचायत क्षेत्रों में स्थानीय निकाय के अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित किया जायेगा।

मुख्य समारोह स्थल फूलबाग की व्यवस्थाओं के लिये कलेक्टर द्वारा लोक निर्माण विभाग, खण्ड क्रं.-1 व 2, ईएण्डएम, विद्युत मण्डल, नगर निगम, एडीएम, आयुक्त नगर निगम, स्वास्थ्य विभाग, जनसंपर्क विभाग और शिक्षा विभाग को दायित्व सौंपे गए हैं। ये सभी विभाग अपने निर्धारित समय सीमा में कार्यों को सुनिश्चित करेंगे।

Share This News :