Home > अपना शहर ,
जहाँ स्वच्छता वहीं लक्ष्मी का वास होता है – श्री पवैया

स्वच्छता दूतों का सम्मान

जहाँ स्वच्छता वहीं लक्ष्मी का वास होता है – श्री पवैया

 

प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने कहा है कि जहाँ स्वच्छता है, वहीं लक्ष्मी का वास होता है। स्वच्छता का सीधा संबंध व्यक्ति के स्वास्थ्य से है। जो स्वस्थ होगा, वही लक्ष्मी (धन) का बेहतर उपयोग कर सकेगा। उन्होंने यह बात आज लक्ष्मीबाई कॉलोनी कम्युनिटी हॉल में स्वच्छता दूतों के सम्मान समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कही।

स्थानीय पार्षद अनीता राजेन्द्र शर्मा द्वारा प्रतिवर्ष अपनी मानदेय राशि से वर्ष में दो बार सफाई कर्मियों के सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसी कड़ी में  नगर निगम के वार्ड क्रं.-32 को अपनी सेवायें प्रदान कर स्वच्छ रखने वाले लगभग 50 सफाई कर्मियों को मिठाई व पटाखे वितरित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. भसीन ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती अनीता राजेन्द्र शर्मा सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और स्वच्छता दूत उपस्थिता थे।

      श्री पवैया ने कहा कि व्यक्ति जन्म से नहीं कर्म से महान बनता है। उसके द्वारा किए गए कार्यों के लिये समाज उसे याद करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने स्वयं स्वच्छता अभियान से जुड़कर यह सिद्ध कर दिया कि कोई काम बड़ा या छोटा नहीं होता। समाज में सभी वर्गों की बराबरी की भागीदारी होती है। उन्होंने कहा कि यह वह वर्ग है जो हमारे आस-पास के वातावरण को स्वच्छ रखकर हमें स्वस्थ रहने में मदद करता है। उनके इस कार्य के लिये हम सभी को आभार मानना चाहिए। कार्यक्रम में डॉ. भसीन और श्री राजेन्द्र शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

सामूहिक गोवर्धन पूजा का आमंत्रण

      श्री पवैया ने 31 अक्टूबर को उनके निवास पर आयोजित होने वाले सामूहिक गोवर्धन पूजा कार्यक्रम के लिये सभी को आमंत्रण दिया और कहा कि पाश्चात्य सभ्यता की ओर बढ़ते हुए हम लोग अपनी पुरातन पारंपरिक मान्यताओं को भूलते जा रहे हैं। इसी उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है।

लक्ष्मीबाई बलिदान स्थली पर शौर्य दीपक जलाये जायेंगे

      श्री पवैया ने बताया कि भारतीय सेनाओं द्वारा किए गए सफल सर्जीकल स्ट्राइक ऑपरेशन तथा आतंकवादी हमले में शहीद सैनिकों को श्रृद्धांजलि अर्पित करते हुए महारानी लक्ष्मीबाई की बलिदान स्थली पर दीपावली के दिन शौर्य दीपक जलाने का कार्यक्रम भी सायंकाल 7 बजे से आयोजित किया जायेगा।

 

Share This News :