Home > अपना शहर ,
आयुर्वेद हमारी पुरातन चिकित्सा पद्धति – उच्च शिक्षा मंत्री श्री पवैया

प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री श्री जयभान सिंह पवैया ने कहा है कि आयुर्वेद हमारी पुरातन चिकित्सा पद्धति है। इसमें नवीन शोध करने की आवश्यकता है। जिससे यह अन्य उपचारपैथियों का मुकाबला प्रभावी ढंग से कर सके। उन्होंने यह बात क्षेत्रीय आयुर्वेदीय औषधि विकास अनुसंधान संस्थान में आयोजित भगवान श्री धनवंतरी जयंती महोत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता गजराराजा मेडीकल कॉलेज की पूर्व डीन श्रीमती शैला सप्रे ने की। कार्यक्रम में संस्थान के संचालक डॉ. अंकुश जाधव, डॉ. जे एल रायपुरिया, डॉ. जयवीर भारद्वाज, डॉ. महेश शर्मा सहित संस्थान के अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

     श्री पवैया ने कहा कि आयुर्वेद भारत की पुरातन चिकित्सा पद्धति के रूप में जानी जाती है। अनादिकाल से देश के ऋषि-मुनियों की खोजों और अनुभवों के आधार पर इस उपचारपैथी का जन्म हुआ। भगवान धनवंतरी को इसका जनक माना जाता है। उन्होंने इसे और सशक्त और लोकप्रिय बनाये जाने की आवश्यकता बतलाई। इसके लिये केन्द्र व राज्य सरकार दोनों को आगे आने की आवश्यकता है। उन्होंने पर्यटन के साथ-साथ आयुर्वेद को भी बढ़ावा दिए जाने की बात भी कही।

     डॉ. शैला सप्रे ने कहा कि वे स्वयं एलोपैथिक चिकित्सक हैं। लेकिन उनका मानना है कि आयुर्वेद के द्वारा असाध्य रोगों को भी साध्य बनाया जा सकता है।

     इससे पूर्व संस्थान के संचालक श्री अंकुश जाधव को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिये सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम के प्रारंभ में अतिथिगण द्वारा भगवान धनवंतरी की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलित किया गया।

Share This News :