Home > अपना शहर ,
एक नवम्बर को स्थापना दिवस समारोह उत्साह और उमंग के साथ मनाया जायेगा

31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस, राष्ट्रीय संकल्प दिवस के रूप में मनायेंगे

कलेक्टर ने आयोजन के संबंध में अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश

मध्यप्रदेश का 61वाँ स्थापना दिवस एक नवम्बर को सम्पूर्ण प्रदेश के साथ-साथ ग्वालियर जिले में भी उत्साह और उमंग के साथ समारोहपूर्वक मनाया जायेगा। ग्वालियर में मुख्य समारोह भारतीय पर्यटन एवं यात्रा प्रबंधन संस्थान में प्रात: 10.30 बजे से आयोजित किया जायेगा। समारोह की मुख्य अतिथि नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह होंगी। कार्यक्रम को गरिमापूर्ण बनाने के लिये कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने आज विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दायित्व सौंपे हैं।

बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री नीरज कुमार सिंह, एडीएम श्री शिवराज वर्मा, ग्वालियर विकास प्राधिकरण के सीईओ श्री सुरेश शर्मा, साडा के सीईओ श्री तरूण भटनागर सहित एडिशनल एसपी श्री कुमार प्रतीक उपस्थित थे।

कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने कहा कि मुख्य समारोह में सर्वप्रथम ध्वजारोहण, राष्ट्रगान होगा। इसके पश्चात मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया जायेगा। कार्यक्रम में प्रदेश के विकास एवं समृद्धि के लिये दृढ़-प्रतिज्ञ होने का संकल्प भी दिलाया जायेगा। इसके साथ ही मध्यप्रदेश गान भी होगा। कलेक्टर ने कहा कि एक नवम्बर को सायं 6 बजे से कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में एक सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी किया जायेगा। इस संध्या में सभी विभागीय अधिकारियों को सहपरिवार आमंत्रित किया जायेगा। दो घंटे के इस आयोजन में देशभक्तिपूर्ण गीत-संगीत के कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। उन्होंने आयोजन के संबंध में सौंपे गए दायित्वों का समय-सीमा में निर्वहन करने के निर्देश भी विभागीय अधिकारियों को दिए हैं।
कार्यक्रम में मध्यप्रदेश गान की सीडी भी बजाई जायेगी। इसमें जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, उद्यमियों, व्यवसाईयों, समाजसेवियों, धर्मगुरूओं, स्वयंसेवी 

संस्थाओं, केन्द्र शासन के अधिकारियों, रेलवे के अधिकारियों, कॉमर्सियल अधिकारी, आर्मी फोर्स के अधिकारी, शासकीय अधिकारी, जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, लोकतंत्र के सेनानी, शहीद सैनिकों के परिवार जन को आमंत्रित किया जायेगा। सभी शासकीय कार्यालयों पर एक नवम्बर की रात्रि को प्रकाश व्यवस्था भी किए जाने के निर्देश दिए गए हैं।

स्थापना दिवस समारोह का आयोजन विकासखण्ड स्तर पर स्थानीय विधायक की उपस्थित तथा नगर पालिका, नगर पंचायत क्षेत्रों में स्थानीय निकाय के अध्यक्ष की अध्यक्षता में आयोजित किया जायेगा।

31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस/राष्ट्रीय संकल्प दिवस मनाया जायेगा

      भारत सरकार के निर्देशानुसार 31 अक्टूबर 2016 को स्व. सरदार वल्लभ भाई पटेल की जन्मतिथि पर “राष्ट्रीय एकता दिवस” एवं स्व. श्रीमती इन्दिरा गाँधी की पुण्यतिथि “राष्ट्रीय संकल्प दिवस” के रूप में मनाया जायेगा। जिला मुख्यालय पर प्रशासन द्वारा कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे।

      कलेक्टर डॉ. संजय गोयल ने बैठक में कहा कि जिला मुख्यालय पर समाज के विभिन्न वर्गों को सम्मिलित करते हुए “रन फॉर यूनिटी” का आयोजन किया जायेगा। दौड़ के अतिरिक्त राष्ट्रीय एवं देशभक्तिपूर्ण गाने गाते हुए रैली का आयोजन किया जायेगा। समारोह में राष्ट्रीय एकता की शपथ भी दिलाई जायेगी।

Share This News :