Home > अपना शहर ,
प्रेरणा संवाद के तहत सभी अधिकारी 17 को स्कूलों में पहुँचें : कलेक्टर

ग्वालियर । जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में 17 जनवरी को प्रेरणा संवाद होगा। कलेक्टर राहुल जैन ने सभी विभागों के अधिकारियों को बच्चों को प्रेरित करने के लिये अलग-अलग स्कूल में पहुँचने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने राज्य शासन के दिशा-निर्देशों के तहत आयोजित होने जा रहे प्रेरणा संवाद में समाज के गणमान्य बुद्धिजीवी, जनप्रतिनिधिगण, सेवानिवृत्त, शासकीय सेवक, समाजसेवी व अन्य प्रेरक जनों को जोड़ने के निर्देश भी जिला शिक्षा अधिकारी को दिए। 
सोमवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर जैन ने कहा कि प्रदेश के अधिकाधिक विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री मेधावी विद्यार्थी एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना का लाभ दिलाने के मकसद से राज्य शासन द्वारा प्रेरण संवाद आयोजित करने का निर्णय लिया है। जिसके तहत 12वीं कक्षा में अध्ययनरत बच्चों को बताया जाना है कि वे 75 प्रतिशत से अधिक अंको के साथ परीक्षा उत्तीर्ण करें, जिससे उन्हें इन योजनाओं का लाभ मिल सके। मालूम हो 75 प्रतिशत से अधिक अंकों के साथ 12वीं परीक्षा उत्तीर्ण करने वाले ऐसे विद्यार्थी जो अखिल भारतीय स्तर की परीक्षा उत्तीर्ण कर इंजीनियरिंग, मेडीकल व प्रबंधन इत्यादि संस्थानों में प्रवेश हासिल करेंगे, उनकी फीस सरकार द्वारा भरी जायेगी। 
कलेक्टर ने बैठक में सभी एसडीएम एवं नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर के समीप स्थित जिन बांधों की जमीन पर अतिक्रमण कर लोग रह रहे हैं अथवा जो मकान डूब क्षेत्र में आते हैं उन्हें चिन्हित करें। ऐसे लोगों को सरकार की आवासीय योजनाओं के तहत आवास प्राप्त करने के लिये प्रेरित करें, जिससे अतिक्रमण भी हट सके और जरूरतमंदों को आवास भी मिल जाएँ। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि आगामी मार्च माह में आयोजित होने वाली माध्यमिक शिक्षा मण्डल की परीक्षाओं में नकल की प्रवृत्ति को कड़ाई से रोका जाए। सभी एसडीएम को अपने-अपने क्षेत्र के परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण करने की हिदायत उन्होंने दी। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नीरज कुमार सिंह, अपर कलेक्टर दिनेश श्रीवास्तव व शिवराज वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

Share This News :