Home > अपना शहर ,
युवक की रास्ते में घेरकर की हत्या

ग्वालियर। छीमक से चीनौर जा रहे बाइक सवार को घेरकर बदमाशों ने गोलियों से भूनकर हत्या कर दी। युवक को कनपटी, कंधे व कमर में तीन गोलियां लगी है। इस वारदात को अंजाम किसने दिया, इसका सुराग फिलहाल नहीं लगा है।
जानकारी के मुताबिक चीनौर थाना इलाके में रहने वाले जयदीप उर्फ कालू सरदार पुत्र रिषपाल उम्र 22 पेशे से मोटर वाइडिंग मैकेनिक था। रोजाना की तरह वह काम के लिए घर से निकला था। वह सुबह छीमक में काम के लिए गया था। देर शाम को वह बाइक पर सवार होकर घर जाने निकला था। वह रात को घर नही पहुंचा तो परिजन को उसकी फिक्र हुई। परिजन ने कालू के मोबाइल पर कॉल किया तो कोई रिस्पांस नहीं मिला। परिजनों ने उसके दोस्तों से भी संपर्क किया। जब कोई नतीजा नही निकला तो वह उसे ढूंढने घर से निकले। चीनौर के रास्ते में कालू की खून से लथपथ लाश मिली। 
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पड़ताल की तो कालू की कनपटी, कंधे व कमर मे गोली लगने के निशन मिले। घटना का कोई चश्मदीद पुलिस को नहीं मिला है। परिजनो ने भी कालू की किसी से दुश्मनी नही बताई है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को आशंका है कि हमलावर कालू के परिचित हो सकते है। चश्मदीद व परिजनों की अनभिज्ञता के बाद पुलिस आरोपियों तक पहुंचने के लिए मोबाइल की पड़ताल करेगी। आशंका है कि हमलावरों ने उससे मोबाइल पर संपर्क किया होगा। थाना प्रभारी चीनौर जितेन्द्र सिंह तोमर का कहना है युवक की रास्ते में घेरकर हत्या की गई है। हत्या किसने की है और वजह क्या रही है, यह जांच का विषय है। हम कई एंगल पर काम कर रहे हैं।

Share This News :