Home > अपना शहर ,
नर्सेस बेमियादी हड़ताल पर गई

ग्वालियर। सांतवें वेतनमान की मांग को लेकर नर्सेस अपने तय ऐलान के तहत मंगलवार से बेमियादी हड़ताल पर चली गई। इस हड़ताल में अंचल के सबसे बड़े जयारोग्य अस्पताल की 500 नर्सेस और 150 पैरामेडिकल स्टाफ शामिल हैं। 
नर्सेस की इस हड़ताल को देखते हुए जेएएच प्रबंधन का दावा है कि उन्होंने प्राइवेट कॉलेजों से 300 नर्सेस को बुलाकर अपने यहां तैनात किया है। प्राइवेट कॉलेजों की नर्सेस की तैनाती पर नर्सेस एसोसिएशन की प्रदेशाध्यक्ष रेखा परमार ने उनकी योग्यता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सुश्री परमार ने कहा हैं कि प्राइवेट कॉलेजों के नर्सिंग छात्र पारंगत नहीं है। वह अभी सीख रहे हैं। इसलिए जिन्होंने आज तक इंजेक्शन नहीं लगाया सरकार ने मरीजों को उन्हीं के हवाले कर दिया है। नर्सेस एसोसिएशन ने स्पष्ट कहा कि सरकार जब तक उनकी मांगों को पूरा नहीं करती तब तक वह काम पर नहीं लौटेंगी।
नर्सेस की हड़ताल और इस हड़ताल को डॉक्टरों द्वारा दिए गए सर्मथन के चलते आज ओपीडी में आने वाले मरीजों को डॉक्टर नहीं मिले। मेडिसिन और सर्जरी विभाग की ओपीडी जूनियर डॉक्टरों ने संभाली। जबकि आर्थोपेडिक में डॉ.समीर गोखले व त्वचा रोग विभाग की ओपीडी में विभागाध्यक्ष डॉ.अनुभव गर्ग ने मरीजों को देखा। बड़ी संख्या में डॉक्टर नहीं मिलने के कारण मरीजों को वापस लौटना पड़ा। नर्सेस की हड़ताल के कारण आज कई आॅपरेशन टाल दिए गए। वहीं पैरामेडिकल स्टाफ के ड्यूटी पर नहीं होने से रेडियोंलॉजी में एक्सरे और सीपीएल में ब्लड की जांचे नहीं हो पाई। इसके अलावा जेएएच में भर्ती जरुरतमंद मरीजों को मजबूरन बाजार में जांचें करानी पड़ी।

Share This News :