Home > अपना शहर ,
जिला चिकित्सालय मुरार में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर 18 को

ग्वालियर । जिला चिकित्सालय मुरार में 18 जनवरी को जिला स्तरीय मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर लगेगा। शिविर का शुभारंभ नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह के मुख्य आतिथ्य में होगा। शिविर में पंजीयन का सिलसिला सुबह 9 बजे शुरू होगा और यह शिविर सायंकाल 5 बजे तक चलेगा। कलेक्टर राहुल जैन ने गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों से इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।  
मालूम हो राज्य शासन की पहल पर खासतौर पर गंभीर बीमारियों से पीड़ित आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों एवं 18 वर्ष तक के बच्चों की नि:शुल्क जाँच एवं उपचार के उद्देश्य से यह विशेष शिविर लगाया जा रहा है। शिविर में नारायण सेवा संस्थान जयपुर सिद्धांता हॉस्पिटल व चिरायु हॉस्पिटल भोपाल के विशेषज्ञ चिकित्सक भी मरीजों की जाँच व उपचार के लिये आ रहे हैं। साथ ही जेएएच के विशेषज्ञ चिकित्सक भी अपनी सेवायें देंगे। कलेक्टर राहुल जैन ने बताया कि गंभीर बीमारी से पीड़ित आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मरीजों को इलाज के लिये दो लाख रूपए तक की मदद मिलेगी। साथ ही गंभीर बीमारियों से पीड़ित 18 वर्ष तक के बच्चों का इलाज भी सरकार की योजनाओं के तहत नि:शुल्क किया जायेगा। शिविर में चिन्हित मरीजों के इलाज व ऑपरेशन पर होने वाले खर्च का आंकलन होगा और निर्धारित पैकेज के अनुसार राज्य बीमारी सहायता निधि से आर्थिक सहायता स्वीकृत कर प्रदेश व देश के प्रतिष्ठित अस्पतालों में मरीजों का इलाज कराया जायेगा। 
जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सेवा शिविर में गंभीर बीमारियों से पीड़ित बीपीएल परिवार एवं विभिन्न श्रमिक कल्याण योजनाओं के कार्डधारी मरीजों का इलाज किया जायेगा। इनमें मुख्यमंत्री मजदूर सुरक्षा योजना, घरेलू कामकाजी महिला कल्याण, हाथ ठेला व साइकिल रिक्शा चालक व मुख्यमंत्री केश शिल्पी कल्याण योजना तथा भवन एवं संनिर्माण कर्मकार कल्याण मण्डल के कार्डधारी श्रमिक भी शामिल हैं। जन्म से 18 वर्ष तक के इलाज के लिये बीपीएल का बंधन नहीं है। 
 
इन गंभीर बीमारियों का होगा इलाज और मिलेगी आर्थिक मदद 
हृदय रोग, कैंसर, गुर्दा प्रत्यारोपण, घुटना व कूल्हा बदलना, थोरोसिक सर्जरी, सिर की चोटें, स्पाइनल सर्जरी, रेटिनल डिटेचमेंट, प्रस्वोत्तर जटिलतायें, ब्रेन व न्यूरो सर्जरी, एमडीआर, वेसकुलर सर्जरी, एप्लास्टिक एनीमिया, क्रानिक रीनल डिसिजेज। इसी तरह 18 वर्ष तक के बच्चों का नि:शुल्क हृदय ऑपरेशन, कान में कॉक्लियर इम्प्लांट, कटे-फटे होंठ, जन्मजात मोतियाबिंद, तीव्र कुपोषण, टेड़े-मेड़े पैर, भेंगापन, न्यूरोन ट्यूब विकृति इत्यादि बीमारियों का इलाज किया जायेगा। अधिक जानकारी के लिये जिला आरबीएस के कोर्डिनेटर दिनेश पचौरिया से मोबाइल नम्बर 7987192549 पर संपर्क किया जा सकता है। 

Share This News :