Home > अपना शहर ,
लोहामंडी भूमि आंवटन प्रक्रिया एक माह में पूर्ण की जाए : माया सिंह

ग्वालियर । नगरीय विकास एवं आवास मंत्री माया सिंह ने ग्वालियर लोहा व्यवसायी व्यापारी संघ को शिवपुरी लिंक रोड पर भूमि आवंटन करने की प्रक्रिया एक माह में पूर्ण करने के निर्देश दिए है। माया सिंह ने आज मंत्रालय में प्रमुख सचिव राजस्व अरूण पाण्डेय और प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री और नगरीय विकास एवं आवास विवेक अग्रवाल से विस्तृत चर्चा करते हुए कहा कि ग्वालियर औद्योगिक और व्यापारिक दृष्टि से प्रदेश का प्रमुख शहर है। यहां यातायात के बढ़ते दवाब को कम करने के लिए शिवपुरी लिंक रोड पर "लोहा मंडी क्षेत्र" विकसित किया जा रहा है। 
मंत्री श्रीमती सिंह ने बताया कि इसके लिए राजस्व विभाग द्वारा 6.03 हैक्टेयर भूमि आवंटित की गई है। जिसको विकसित करने की जिम्मेदारी ग्वालियर विकास प्रधिकरण को सौंपी गई है। लोहा व्यवसायी व्यापारी संघ के 272 सदस्यों ने अधोसंरचना विकास के लिए 3 करोड़ 90 लाख रूपये की राशि जमा करा दी है। वर्तमान परिद्दश्य में अविवादित भूमि का विधिवत आवंटन किया जाना है। इसी क्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री के रूप में माया सिंह ने राजस्व और आवास विभाग के मध्य सामन्वय स्थापित कर प्राथमिकता के आधार पर प्रकरण के निराकरण की पहल की है। उन्होंने दोनों वरिष्ठ अधिकारियों से चर्चा के दौरान इस प्रकरण के निराकरण हेतु अधिकतम एक माह की समय-सीमा तय की है।

Share This News :