Home > अपना शहर ,
जून माह तक सभी घरों को विद्युत कनेक्शन देना सुनिश्चित करें : कलेक्टर

ग्वालियर ।  “सौभाग्य” योजना और पं. दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना से जिले का हर घर रोशन होगा। विद्युतीकरण से शेष जिले के हर घर को जून माह तक विद्युत कनेक्शन से जोड़ने के निर्देश कलेक्टर राहुल जैन ने विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने सौभाग्य योजना से हर माह 10 हजार और पं. दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना से 6 हजार घरों को कनेक्शन देने का लक्ष्य निर्धारित किया है। कलेक्टर ने शुक्रवार को विद्युत वितरण कंपनी के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के अधिकारियों की बैठक लेकर “सौभाग्य” योजना की समीक्षा की। 
यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर जैन ने कहा कि सौभाग्य योजना के त्वरित क्रियान्वयन पर सरकार का विशेष जोर है। इसलिये विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारी इस योजना के तहत युद्ध स्तर पर कनेक्शन देने का काम करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इसके लिये संसाधनों की कमी नहीं आने दी जायेगी। जैन ने हर माह हर हाल में 16 हजार घरों को कनेक्शन देने के निर्देश दिए। इस अवसर पर जानकारी दी गई कि सौभाग्य योजना के तहत जिले के हर उस घर को विद्युत कनेक्शन दिया जाना है, जो अभी तक विद्युतीकरण से शेष है। इसके लिये वर्ष 2011 में हुई सामाजिक-आर्थिक संगणना के डाटा को आधार मानकर सर्वे का कार्य जारी है। सर्वे के अनुसार जिले में 88 हजार घरों को विद्युत कनेक्शन दिए जाने हैं। इनमें से 36 हजार घरों में पं. दीनदयाल उपाध्याय ग्राम ज्योति योजना अंतर्गत विद्युतीकरण किया जा रहा है। शेष लगभग 52 हजार घरों में सौभाग्य योजना के तहत विद्युतीकरण हो रहा है। इनमें ग्रामीण क्षेत्र के 43 हजार 917 घर शामिल हैं। 
सौभाग्य योजना से 30 हजार 451 घरों को कनेक्शन देने के लिये सर्वे का काम पूरा हो चुका है और 8 हजार 118 कनेक्शन दिए जा चुके हैं। कलेक्टर राहुल जैन ने विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों को आगाह करते हुए कहा कि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र की नल-जल योजनाओं के विद्युत कनेक्शन व आपूर्ति कदापि बाधित न हों। नई नल-जल योजनाओं के विद्युत ट्रांसफार्मर तत्परता से स्थापित किए जाएँ। साथ ही पुरानी नल-जल योजनाओं के खराब ट्रांसफार्मर जल्द से जल्द बदलें। बैठक में नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा, अपर कलेक्टर दिनेश श्रीवास्तव, महाप्रबंधक विद्युत (ग्रामीण) अरूण शर्मा व शहर अक्षय खरे सहित विद्युत वितरण कंपनी के अन्य अधिकारी मौजूद थे।

Share This News :