Home > अपना शहर ,
प्रेरणा संवाद कार्यक्रम में बच्चों से रूबरू हुईं मंत्री माया सिंह

ग्वालियर । प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा है कि बच्चों को शिक्षा का प्रदेश में बेहतर माहौल और अवसर प्रदान करने के लिये मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है, जहाँ मेधावी विद्यार्थी योजना और मुख्यमंत्री प्रतिभाशाली विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना लागू की गई है। श्रीमती माया सिंह ने शनिवार को न्यू सेंट्रल एकेडमी स्कूल में छात्र-छात्राओं से प्रेरणा संवाद कार्यक्रम के दौरान चर्चा करते हुए कही। 
नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को शिक्षा का बेहतर माहौल और अवसर उपलब्ध कराने के लिये योजनायें लागू की हैं। इसके तहत 75 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के माध्यम से इंजीनियरिंग, मेडीकल, विधि एवं प्रबंधन इत्यादि संस्थाओं में प्रवेश हासिल करने पर उसकी सम्पूर्ण फीस सरकार द्वारा वहन की जाती है। इसके साथ ही 85 प्रतिशत अंक हासिल करने वाले विद्यार्थियो को सरकार की ओर से लेपटॉप भी प्रदान किए जाते हैं। माया सिंह ने न्यू सेंट्रल एकेडमी स्कूल की छात्र-छात्राओं से चर्चा करते हुए कहा कि सभी बच्चे अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित करें और लक्ष्य प्राप्ति के लिये मेहनत करें। उन्होंने कहा कि हर विद्यार्थी को किताबी ज्ञान के साथ-साथ सामान्य ज्ञान भी होना चाहिए। सामान्य ज्ञान के लिये अखबार, टीव्ही पर समाचार और अच्छी-अच्छी किताबों के अध्ययन की आदत डालना चाहिए। प्रतिदिन पढ़ने की आदत वाले बच्चे जीवन में हमेशा सफल रहते हैं। 
श्रीमती माया सिंह ने कहा कि पढ़ाई केवल परीक्षा पास करने के लिये नहीं करना चाहिए। पढ़ाई के माध्यम से हमें अधिक से अधिक जानकारी और ज्ञान हासिल हो, इसके लिये नियमित पढ़ाई जरूरी है। उन्होंने विद्यार्थियों से यह भी कहा कि केवल पढ़ाई ही जीवन की सफलता का माध्यम नहीं है, पढ़ाई के साथ-साथ हमें और कार्यों में भी अपनी दक्षता हासिल करना जरूरी है। कार्यक्रम में श्रीमती सोमवती पोपसिंह, संस्था के प्राचार्य सिद्धार्थ सोनी, रमेश तोमर सहित संस्था के शिक्षकगण उपस्थित थे। 
 
माया सिंह ने बच्चों से पूछे कई प्रश्न 
श्रीमती माया सिंह ने बच्चों से चर्चा के दौरान कई सामान्य ज्ञान के प्रश्न भी पूछे। जिनका बच्चों ने बखूबी जवाब दिया। उन्होंने भारत के राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री के बारे में बच्चों से जानकारी ली। बच्चों ने सभी सवाल सही-सही बताए। इसके साथ ही उन्होंने खेल, संगीत के बारे में भी बच्चों से प्रश्न किए। बच्चों से यह भी पूछा कि वे अपनी जिंदगी में क्या बनना चाहते हैं तो किसी ने डॉक्टर, किसी ने इंजीनियिर तो लड़कियों ने पुलिस अधिकारी बनने की इच्छा भी बताई। श्रीमती माया सिंह ने बच्चों से कहा कि वे अपने लक्ष्य को जरूर प्राप्त कर सकते हैं। आवश्यकता उसे प्राप्त करने के लिये मेहनत करने की है। बच्चे मेहनत करें, सरकार उन्हें हर संभव मदद और सहयोग प्रदान करने के लिये तत्पर है। 
 
माँ तुझे प्रणाम योजना के बारे में भी बच्चों को दी जानकारी 
नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह ने प्रेरणा संवाद कार्यक्रम के दौरान बच्चों को बताया कि देश की रक्षा के लिये सीमाओं पर भारत के सैनिक किस तरह से अपनी ड्यूटी करते हैं, इसकी जानकारी बच्चों को हो। इसके लिये प्रदेश में माँ तुझे प्रणाम योजना संचालित है। योजना के तहत स्कूली बच्चों को देश की सीमाओं पर लेजाकर सैनिकों की गतिविधियों से अवगत कराया जाता है। इसके साथ ही देश की सीमाओं का अवलोकन भी कराया जाता है। इस योजना का भी स्कूली बच्चों को लाभ लेना चाहिए। यह योजना खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से संचालित की जाती है। उन्होंने संस्था के प्रचार्य को निर्देशित किया कि उक्त योजना के तहत संस्था के बच्चों को भी लाभान्वित किया जाए। 

Share This News :