Home > अपना शहर ,
गणतंत्र दिवस : मुख्य समारोह में माया सिंह करेंगीं ध्वजारोहण

ग्वालियर । गौरवशाली गणतंत्र की 68वीं वर्षगाँठ जिले में हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाई जायेगी। जिला मुख्यालय स्थित एस.ए.एफ.ग्राउण्ड पर मुख्य समारोह आयोजित किया जायेगा। जिले के मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह की मुख्य अतिथि नगरीय विकास एवं आवास मंत्री श्रीमती माया सिंह होंगीं। समारोह में श्रीमती माया सिंह प्रात: 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहरायेंगीं और संयुक्त परेड की सलामी लेंगीं। 
नगरीय विकास मंत्री इस अवसर पर प्रदेश की जनता के नाम मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन भी करेंगी। गणतंत्र दिवस समारोह में स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों व कारगिल शहीदों को सम्मानित किया जायेगा। समारोह में स्कूली बच्चों द्वारा आकर्षक और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जायेंगे। शासकीय योजनाओं पर केन्द्रित विभिन्न विभागों की आकर्षक झाँकिया भी मुख्य समारोह में निकलेंगी। जिला मुख्यालय के एस.ए.एफ मैदान पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में खुशनुमा और अलग ही नजारा होगा । गणतंत्र दिवस समारोह में हजारों बच्चे शिरकत करेंगें । मुख्य समारोह में रंगीन गुब्बारे छोडे जायेंगे । इस अवसर पर चुनिंदा स्कूलों के बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जायेगी। साथ ही आकर्षक झाँकियाँ निकलेंगी।  
 
शान के साथ जगह-जगह लहरायेगा राष्ट्रीय ध्वज
गणतंत्र दिवस पर जिला मुख्यालय समेत विकास खण्ड, तहसील और ग्राम स्तर पर राष्ट्रीयता की भावना पर आधारित विभिन्न प्रेरक कार्यक्रम आयोजित होंगे और शान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा। इस दिन महत्वपूर्ण शासकीय भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व के ऐतिहासिक स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जायेगा और रात्रि में रोशनी की जायेगी । प्रभात फेरी निकाली जायेंगी,‍ स्कूली छात्र-छात्रायें और नागरिकगण शामिल होंगे। 
 
आवासीय बालक छात्रावास पागनबीसी में होगा विशेष भोज
गणतंत्र दिवस पर इस बार सर्वशिक्षा अभियान के तहत संचालित शासकीय आवासीय बालक छात्रावास पागनबीसी में मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम के तहत विशेष भोज रखा गया है। विशेष भोज में गणतंत्र दिवस समारोह की मुख्य अतिथि श्रीमती माया सिंह सहित अन्य अतिथि शामिल होंगे।

Share This News :