Home > अपना शहर ,
बच्चों में असीम प्रतिभा होती है : माया सिंह

ग्वालियर । प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री माया सिंह ने कहा है कि बच्चों में प्रतिभा की कमी नहीं है। आवश्यकता उनकी प्रतिभा को पहचानकर प्रोत्साहित करने की है। माया सिंह ने यह बात गुरूवार को वार्ड-26 में भारती शिक्षा मंदिर हायर सेकेण्ड्री स्कूल के पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में कही। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व महापौर समीक्षा गुप्ता ने की। इस मौके पर महापौर परिषद के सदस्य धमेन्द्र राणा, विधायक प्रतिनिधि दीपक जैन, समाजसेवी निर्मल कोठारी, संस्था के प्राचार्य चंद्रप्रकाश राजपूत सहित संस्था के शिक्षक-शिक्षिकायें और बच्चे उपस्थित थे। 
नगरीय विकास मंत्री माया सिंह ने कहा कि बच्चों को शिक्षा का बेहतर माहौल उपलब्ध कराने हेतु प्रदेश सरकार द्वारा अनेक योजनायें संचालित की जा रही हैं। बच्चों की पढ़ाई की गुणवत्ता में सुधार के लिये भी नए-नए प्रयोग किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के सभी शासकीय स्कूलों में प्रेरणा संवाद कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं। इस कार्यक्रम के तहत जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस अधिकारी स्कूलों में जाकर बच्चों से संवाद स्थापित कर रहे हैं और उन्हें शासन की योजनाओं की जानकारी भी दे रहे हैं।  à¤¨à¤—रीय विकास मंत्री माया सिंह ने बच्चों से कहा कि वे खूब मन लगाकर पढ़ें और अपने परिवार और जिले का नाम रोशन करें। स्कूल के शिक्षक भी बच्चों की प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करें। बच्चों में असीम प्रतिभा होती है। हमको उनकी प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना चाहिए। श्रीमती माया सिंह ने बच्चों से कहा कि जिन बच्चों को श्रेष्ठ कार्य करने हेतु पुरस्कृत किया जा रहा है, वे बधाई के पात्र हैं। परंतु जिन बच्चों को पुरस्कार नहीं मिल पाए हैं वे और प्रयास करें, ताकि आने वाले समय में उनको भी पुरस्कार प्राप्त हो सकें। 
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए पूर्व महापौर श्रीमती समीक्षा गुप्ता ने कहा कि बच्चों ने शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अपनी बेहतर उपलब्धियाँ दर्ज की हैं। बच्चों को प्रोत्साहित करने हेतु स्कूलों में पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन भव्य रूप से आयोजित किया जाना चाहिए। इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों को अच्छे कार्य करने का प्रोत्साहन मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा बच्चों की शिक्षा के लिये अनेक योजनायें एवं कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से बच्चों का बेहतर भविष्य बनाया जा रहा है। कार्यक्रम के प्रारंभ में संस्था के प्राचार्य श्री चंद्रप्रकाश राजपूत ने अतिथियों का स्वागत करते हुए संस्था का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस मौके पर स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में स्कूल के विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेता और अन्य क्षेत्र में विशेष उपलब्धि प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। 

Share This News :