Home > अपना शहर ,
5 हजार 600 से अधिक दिव्यांग व वृद्धजनों को बटेंगे उपकरण व सहायता

ग्वालियर । दिव्यांग एवं वृद्धजनों के सहायतार्थ मध्यप्रदेश का अब तक का सबसे बड़ा शिविर 11 फरवरी को ग्वालियर में आयोजित होने जा रहा है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के मुख्य आतिथ्य में इस दिन जीवाजी विश्वविद्यालय के खेल मैदान पर आयोजित होने जा रहे इस मेगा शिविर में लगभग 5 हजार 600 दिव्यांग व वृद्धजनों को लाभान्वित कराया जायेगा।
कलेक्टर राहुल जैन ने मंगलवार को जीवाजी विश्वविद्यालय के गालव सभागार में मीडिया सह एनजीओ कार्यशाला में शिविर के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया। इस मौके पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवम वर्मा, नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा,  à¤°à¤¾à¤œà¥‡à¤¶ सोलंकी, हरियाणा रेडक्रॉस सोसायटी के पदाधिकारी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने बताया कि इस मेगा शिविर में 4 हजार 271 दिव्यांगों व वृद्धजनों को लगभग 2 करोड़ 90 लाख लागत के 8 हजार 108 कृत्रिम अंग व सहायता उपकरण मुहैया कराए जायेंगे। साथ ही लगभग 1400 दिव्यांगों को रोजगार व स्वरोजगार एवं नौकरी के प्रमाण-पत्र भी मिलेंगे। उन्होंने बताया कि रेसकोर्स सोसायटी हरियाणा, एलिम्को, सामाजिक न्याय और प्रशासन के सहयोग से इस शिविर को भव्यता प्रदान की गई है। इस शिविर में केन्द्र व राज्य सरकार के अनुरूप दिवयांगों को सरकार की समस्त योजनाओं का लाभ दिलाने के मकसद से ग्वालियर जिले में दिव्यांग मित्र अभियान चलाया जा रहा है। दिव्यांग मित्र अभियान के तहत ही यह शिविर जिला प्रशासन, रेडक्रॉस सोसायटी हरियाणा एवं एलिम्को (कृत्रिम अंग निर्माण निगम जबलपुर) की संयुक्तह भागीदारी से आयोजित हो रहा है। एलिम्को के अधिकारियों के मुताबिक ग्वालियर में राष्ट्रपति के मुख्य आतिथ्य में होने जा रहा यह शिविर संभवत: देश का पहला सामाजिक अधिकारिता शिविर भी है। 
कलेक्टर राहुल जैन ने बताया कि मेगा शिविर से पहले ग्वालियर जिले में खण्ड स्तर से लेकर ग्वालियर नगर निगम स्तर तक अलग-अलग स्थानों पर परीक्षण शिविर लगाए गए। इन शिविरों में एलिम्को की टीम द्वारा दिव्यांग व वृद्धजनों को सहायता उपकरण व कृत्रिम अंग के लिये चिन्हित किया गया। साथ ही जिले में दिव्यांगों को रोजगार, स्वरोजगार व निजी कंपनियों को नौकरी देने के लिये रोजगार मेले भी लगाए गए। शिविर की तैयारियाँ वृहद स्तर पर की जा रही हैं। जहाँ एक ओर आयोजन स्थल को सजाया-संवारा जा रहा है, वहीं दिव्यांगजन एवं वृद्धजनों के लिये वितरित किए जाने वाले उपकरण व कृत्रिम अंग मसलन ट्राइस्किल, व्हीलचेयर, स्मार्ट केन, स्मार्ट फोन, एरियल किट, एमएसआईडी, बैशाखी व छड़ी इत्यादि विशेष वाहनों से पहुँच रहे हैं। एलिम्को के कारीगरों द्वारा ट्राइस्किल एसेम्बलिंग का कार्य भी साथ-साथ किया जा रहा है। 
स्मार्ट फोन से लेकर मोटराईज्ड ट्राइस्किल तक बटेंगीं 
दिव्यांगों के सहायता वितरण शिविर में 119 बैटरी चलित ट्राइस्किल, 762 ट्राइस्किल, 277 व्हीलचेयर, 1236 बैशाखी, दृष्टिबाधितों के लिये 50 स्मार्ट फोन, 34 ब्रेल केन (छड़ी), 36 ब्रेल किट व 19 ब्रेल स्लेट, 30 डेजी प्लेयर, तथा बैटरी से संचालित 127 स्मार्ट केन वितरित होंगीं। इसके अलावा श्रवण बाधितों को 742 कान की मशीन, चलने में असमर्थ बच्चों के लिये 38 रोलेटर, मानसिक दिव्यांगों के लिये 268 एमएसआईडी किट, अस्थि बाधित दिव्यांगों के लिये 324 कैलीपर्स व प्रोस्थेसिस (कृत्रिम अंग), कुष्ठ रोगियों के लिये 26 एडीएल किट व इतने ही सेलफोन एवं सेरीब्रिल पॉलिसी अवस्था के तीन दिव्यांगों को सीपी चेयर वितरित की जायेंगीं। 
 
वृद्धजनों को यह उपकरण मिलेंगे 
राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत 1089 वॉकिंग स्टिक, 806 नजर के चश्मे, 250 व्हीलचेयर, 773 श्रवण यंत्र, 417 ट्राइपोड, 197 टेट्रापोड, 85 कृत्रिम दांत (बत्तीसी), 14 बैशाखी व तीन फोल्डेबल वॉकर वितरित होंगे। 
 
दिव्यांगजन अपने साथ पहचान पत्र लाएँ 
कलेक्टर राहुल जैन ने बताया कि चिन्हित दिव्यांगों को उपकरण वितरण हेतु कूपन उपलब्ध कराए गए हैं। कूपन लेकर न आने पर दिव्यांगों द्वारा अपना पहचान पत्र दिखाने पर उपकरण उपलब्ध कराए जायेंगे। उन्होंने चिन्हित दिव्यांगों से आग्रह किया है कि अपने साथ पहचान पत्र भी रखें, ताकि किसी प्रकार की दिक्कत उपकरण प्राप्त करने में न हो। 
 
प्रवेश के लिये पृथक-पृथक रहेगी व्यवस्था 
कलेक्टर जैन ने बताया कि जीवाजी विश्वविद्यालय के मैदान पर आयोजित होने वाले दिव्यांग एवं वृद्धजन शिविर में प्रवेश हेतु अलग-अलग व्यवस्था की गई है। दिव्यांगों एवं वृद्धजनों के प्रवेश हेतु पृथक द्वार बनाया गया है। इसके साथ ही प्रेस एवं आमंत्रित अतिथियों के प्रवेश हेतु तथा सामान्य जनों के प्रवेश हेतु पृथक से प्रवेश द्वार बनाए जा रहे हैं। व्हीआईपी प्रवेश द्वार के अतिरिक्त तीन अन्य प्रवेश द्वारों से कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश दिया जायेगा। 
 
दिव्यांगों को लाने के लिये जोन स्तर से होगी व्यवस्था 
कार्यक्रम में शहरी क्षेत्र के दिव्यांगों और वृद्धजनों को लाने हेतु नगर निगम के माध्यम से व्यवस्था की जायेगी। इसके लिये निगम के सभी 25 जोनों पर दिव्यांग एवं वृद्धजनों को एकत्र कर बसों के माध्यम से कार्यक्रम स्थल पर लाया जायेगा। दिव्यांगों के साथ उनके सहयोग हेतु एक उनके परिजन को भी साथ में लाया जायेगा। 
 
शिविर में नए दिव्यांगों का परीक्षण एवं चिन्हांकन भी होगा 
कलेक्टर राहुल जैन ने बताया कि जिले को दिव्यांग मित्र जिला बनाने के उद्देश्य से जिलेभर में दिव्यांगों का चयन करने हेतु शिविर लगाए गए। इन शिविरों के पश्चात भी कोई दिव्यांग चिन्हित होने से शेष रह गए हों तो उनका चिन्हांकन और परीक्षण का कार्य शिविर स्थल पर भी किया जायेगा। शिविर स्थल पर परीक्षण हेतु स्वास्थ्य दल भी उपस्थित रहेगा। परीक्षण के उपरांत जिन नए दिव्यांगों का चयन किया जायेगा। उन्हें एलिम्को के माध्यम से उपकरण आदि का वितरण आगामी दिनों में तिथि निर्धारित कर किया जायेगा

Share This News :