Home > अपना शहर ,
बोझ नहीं बनते बिहारी, लोगों का बोझ उठाते हैं : नीतीश कुमार

ग्वालियर। à¤¬à¤¿à¤¹à¤¾à¤° के लोग देश में रहें या देश से बाहर, वे जहां भी जाते हैं वहां बोझ नहीं बनते बल्कि लोगों का बोझ उठाते हैं। यह उनका स्वभाव है। दूसरी महत्वपूर्ण बात यह है कि वे कहीं भी रहें लेकिन चिंता बिहार की ही करते हैं। इसलिए मेरे यहां आने पर बिहार के लोगों ने यह कार्यक्रम किया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रविवार को तिरहुत जन कल्याण परिषद की ओर से चेंबर ऑफ कॉमर्स में आयोजित 'नीतीश संवाद" में यह बात कही।

उन्होंने बिहार में हो रहे समाज सुधार के कार्यक्रमों को विकास की ओर एक नया कदम बताया। शराब बंदी का मामला हो अथवा दहेज प्रथा व बाल विवाह पर सख्ती, उनका कहना था कि इस दिशा में जो काम हुआ है, उसके अब बेहतर परिणाम आने लगे हैं। हम न्याय के साथ विकास की बात करते हैं। शराब बंदी व दहेज प्रथा के खिलाफ निर्णय लेकर महिलाओं की रक्षा की है। समाज सुधार की दिशा में हो रहे कार्यों को देश देख रहा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क, बिजली, पानी पर काम तो सभी जगह होते हैं, लेकिन हमने समाज सुधार के साथ विकास कार्यों पर काम किया है। हर घर तक नल कनेक्शन, सड़क और बिजली पहुंचाने का लक्ष्य बनाया है। 

सामाजिक कुरीतियों का दुष्प्रभाव होता है

सीएम नीतीश कुमार ने कहा कि सामाजिक कुरीतियों का समाज पर दुष्प्रभाव होता है। दहेज भी ऐसी ही प्रथा है। हमने इस दिशा में सख्ती की है। आप भी आज शपथ लें कि जो पिता अपने बेटे की शादी में दहेज ले उसके समारोह में न जाएं। बिहार में तो लोग अब शादी का कार्ड लेकर आते हैं और कहते हैं कि साहब, हमने दहेज नहीं मांगा है। उनका कहना था कि समाजिक कुरीतियां हावी होने पर विकास कार्यों का लाभ नहीं मिल पाता।

शराब का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि एक वो समय था जब शाम होते होते कोलाहल शुरू हो जाता, झगड़े होने लगते थे। अब शराब बंदी के चलते हर क्षेत्र में शांत माहौल नजर आता है। सीएम ने कहा कि समाज सुधार के इन कार्यों का विरोध भी हो रहा है, लेकिन वे लोग कौन हैं, आप जानते हैं। सरकार के खजाने पर भी इसका विपरीत असर हुआ, लेकिन हमने अपने कदम पीछे नहीं खींचे।

पीएम सम्मान भी करते हैं और सम्मान पाते भी हैं

कार्यक्रम के अध्यक्ष राज्य सभा सदस्य प्रभात झा ने कार्यक्रम की तारीफ करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री जहां भी जाते हैं वहां भारतीय उनका सम्मान करते हैं। प्रधानमंत्री भी भारतीयों का सम्मान करते हैं। इसी तरह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार देश में जहां भी जाते हैं, पूर्वांचल के लोग उनका सम्मान करते हैं। आज संस्था ने यह कार्यक्रम कर सराहनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि अंचल में पूर्वांचल यानी बिहार के करीब एक लाख लोग हैं।

संस्था अध्यक्ष राजेन्द्र ठाकुर ने संस्था की गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि 2014 में गठन के बाद से संस्था बिहार के यानी पूर्वांचल, मिथिला और भोजपुरी समाज बंधुओं को जोड़ने, धार्मिक, सामाजिक कार्यक्रमों पर जोर दे रही है। मंचासीन अतिथियों में आईटीएम यूनिवर्सिटी के चांसलर रमाशंकर सिंह, बिहार के मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह, विधायक विद्या सागर निषाद मौजूद थे। मंच संचालन संस्था के महासचिव बच्चन बिहारी ने किया।

कार्यक्रम संयोजक नहीं, पिता पहुंचे

संस्था ने कार्यक्रम संयोजक सांसद प्रभात झा के बेटे तुष्मुल झा को बनाया था, लेकिन वे कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। प्रभात झा ने अध्यक्षता की। संस्था ने मुख्यमंत्री का अभिनंदन किया। इस अवसर पर संस्था के भागीरथ शर्मा, शुभनारायण मिश्रा, संध्या मिश्रा, एसएन मिश्रा भी मौजूद थे।

Share This News :