Home > अपना शहर ,
कलेक्टर ने पर्वतीय एवं वनांचल क्षेत्र में बसे गाँवों में लगाई चौपाल

ग्वालियर । पर्वतीय एवं वनांचल क्षेत्र में बसे जिले के दूरस्थ गाँवों में पहुँचकर कलेक्टर राहुल जैन ने चौपाल लगाई। उन्होंने सीधा संवाद कर ग्रामीणों की समस्यायें एवं कठिनाईयाँ सुनीं। साथ ही ग्रामीणों को पानी सहेजने के लिये प्रेरित किया। कलेक्टर ने कहा कि महात्मा गाँधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत इस क्षेत्र के पुराने जलाशय तथा अन्य जल संरचनाओं का जीर्णोद्धार कराया जायेगा। जिससे गाँव के जरूरतमंद लोगों को रोजगार भी मिलेगा। उन्होंने ग्रामीणों की बहुप्रतीक्षित माँगें पूरी करने के निर्देश चौपाल में मौजूद विभागीय अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर गुरूवार को घाटीगाँव जनपद पंचायत के अंतर्गत दुर्गम क्षेत्र में बसे ग्राम जरदानपुर (ग्राम पंचायत डांग चराई) तथा सुरहेला ग्राम में पहुँचे थे। भ्रमण के दौरान कलेक्टर ने स्कूल एवं आंगनबाड़ी केन्द्र इत्यादि संस्थाओं का निरीक्षण किया और गैर हाजिर मिले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए। ग्राम सुरहेला के पंचायत भवन में लगी चौपाल में ग्रामीणों ने गाँव का जल स्तर नीचे चले जाने से हो रही दिक्कत बयां की। ग्रामीणों का कहना था कि यदि हमारे गाँव के समीप स्थित पुराने लीलजा नामक जलाशय का जीर्णोद्धार हो जाए तो यह समस्या हर हो सकती है। कलेक्टर ने जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं कार्यपालन यंत्री आरईएस को मनरेगा के तहत यह काम जल्द से जल्दा शुरू करने के निर्देश दिए। इसी तरह ग्राम जरदानपुर के समीप बुकिया नाला निर्माण का काम मंजूर करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा इन कार्यों के लिये वन विभाग को भी कार्य एजेन्सी बनाया जा सकता है। उन्होंने सुरहेला गाँव की पेयजल समस्या के समाधान के लिये यहाँ के दो हैण्डपम्पों में सिंगल फेस मोटर डलवाने और ग्रामीणों द्वारा बताए गए स्थान पर नया पेयजल बोर करने के निर्देश मौके पर मौजूद कार्यपालन यंत्री पीएचई को दिए। इसी तरह जरदानपुर के एक हैण्डपम्प में भी सिंगल फेस मोटर डालने की हिदायत उन्होंने दी।
सुरहेला गाँव को मुख्य सड़क से जोड़ने वाले 19 किलोमीटर लम्बे पहुँचमार्ग बनाए जाने की खुशखबरी भी कलेक्टर ने चौपाल में गाँववासियों को दी। उन्होंने कहा कि वाईल्ड लाईफ से इस पहुँच मार्ग निर्माण की अनापत्ति मिल गई है। भोपाल से स्वीकृति मिलते ही पहुँचमार्ग का निर्माण शुरू हो जायेगा। विदित हो सोन चिरैया अभ्यारण्य क्षेत्र में स्थित होने की वजह से सुरहेला गाँव का पहुँचमार्ग नहीं बन पा रहा था। कलेक्टर ने ग्राम सुरहेला में खसरा, बी-1 के वाचन एवं ऋण पुस्तिका वितरण करने के लिये फिर से शिविर लगाने की हिदायत एसडीएम को दी। चौपाल में ग्रामीणों ने कलेक्टर को बताया कि शासकीय उचित मूल्य की दुकान से सभी पर्चीधारियों को सुचारू रूप से राशन मिल जाता है। गाँव में सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 29 हितग्राहियों को पेंशन मिल रही है। कलेक्टर ने ग्रामीणों से चर्चा कर इसका सत्यापन किया। गाँव की पढ़ी-लिखी महिला को आशा कार्यकर्ता के रूप में चयनित करने का निर्णय भी चौपाल में हुआ। जैन ने लोक सेवा गारंटी कानून के बारे में भी ग्रामीणों को विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इस कानून के तहत अधिसूचित सेवाओं को ग्रामीण जन समय-सीमा के भीतर प्राप्त कर सकते हैं। सेवा मिलने में देरी होने पर संबंधित अधिकारी से अर्थदण्ड वसूलकर आवेदक को दिया जाता है।

एकाउण्टेंट की संविदा समाप्त होगी और गैर हाजिर शिक्षकों की रूकेंगीं वेतन वृद्धि
जननी सुरक्षा योजना का लाभ देने में रोड़ा बन रहे खण्ड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय बरई के एकाउण्टेंट शुशांत पाल की संविदा समाप्त करने के लिये कलेक्टर ने सीएमएचओ को दिए। ग्रामीणों ने शिकायत की थी कि एकाउण्टेंट की लापरवाही की वजह से इस योजना का लाभ समय से नहीं मिल पाता। जैन ने 24 घंटे के भीतर जननी सुरक्षा योजना के शेष भुगतान अर्थदण्ड सहित भुगतान करने के निर्देश भी सीएमएचओ को दिए।
कलेक्टर ने प्राथमिक विद्यालय जरदानपुर में शिक्षकों के नियमित रूप से न आने की शिकायत सही पाए जाने पर यहाँ पदस्थ सहायक अध्यापक मनोज कुमार अर्गल व कुबेर सिंह खैर की दो – दो वेतन वृद्धियाँ असंचयी प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्रीय विद्यालयों का ठीक ढंग से पर्यवेक्षण न करने की वजह से यहाँ के जन शिक्षक प्रदीप शर्मा की भी दो वेतन वृद्धियाँ रोकने की हिदायत जिला परियोजना समन्वयक को दी। कलेक्टर ने सुरहेला के आंगनबाड़ी केन्द्र व सरकारी स्कूल का भी निरीक्षण किया। साथ ही मध्यान्ह भोजन की रसोई का भी जायजा लिया।
भ्रमण के दौरान एसडीएम गणेश जायसवाल, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजय दुबे व सीएमएचओ डॉ. एस एस जादौन, डीपीसी दीक्षित एवं जिला महिला सशक्तिकरण अधिकारी शालीन शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारी उनके साथ थे।

Share This News :