Home > अपना शहर ,
पुलिस मुठभेड़ में 6 महिलाओं समेत 12 नक्सली ढेर, 1 जवान शहीद

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में छत्तीसगढ़ और तेलंगाना पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन में मुठभेड़ के दौरान 12 नक्सलियों को मार गिराया है. इनमें 6 महिलाएं भी शामिल हैं. वहीं तेलंगाना पुलिस के एक जवान की शहादत हो गई है. अभी भी इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी है.

राज्य के दक्षिण बस्तर क्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि जिले के उसूर थाना क्षेत्र के अंतर्गत पामेड़ और उसूर के मध्य पुजारी कांकेर गांव के जंगल में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 12 नक्सलियों को मार गिराया है.

सुंदरराज ने बताया कि छत्तीसगढ़ और तेलंगाना पुलिस को सीमावर्ती बीजापुर जिले के उसूर थाना क्षेत्र में बड़े नक्सली जमावड़े की जानकारी मिली थी. जानकारी के बाद क्षेत्र में तेलंगाना के ग्रेहाउंड बल तथा बीजापुर जिले के डीआरजी, एसटीएफ और जिला बल के जवानों को गस्त में रवाना किया गया था.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि जब ग्रेहाउंड का दस्ता पुजारी कांकेर गांव के जंगल में पहुंचा तब नक्सलियों ने पुलिस दल पर गोलीबारी शुरू कर दी. इसके बाद पुलिस दल ने भी जवाबी कार्रवाई की. कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए. 

Share This News :