Home > अपना शहर ,
किसानों का पंजीयन न करने वाले डेढ़ दर्जन ऑपरेटर हटाएँ

ग्वालियर । भावान्तर भुगतान योजना के तहत किसानों का पंजीयन न करना 17 कम्प्यूटर ऑपरेटरों को भारी पड़ा है। कलेक्टर राहुल जैन ने इन ऑपरेटरों  à¤•ो हटाकर दूसरे ऑपरेटर रखने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए हैं। उन्होंने अंतरविभागीय समन्वय बैठक में कहा कि जिले के सभी 59 पंजीयन केन्द्रों (प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों) पर पंजीयन का काम सुचारू रूप से जारी रखें। साथ ही कृषि उपज मंडी लक्ष्मीगंज, डबरा, दीनारपुर व भितरवार में भी पंजीयन का कार्य किया जाए। मालूम हो भावांतर योजना के तहत पंजीयन की अंतिम तिथि 12 मार्च है। 
सोमवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में बताया गया कि पंजीयन के काम में तेजी लाने के लिये 5 मार्च से प्रत्येक केन्द्र पर ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारियों की ड्यूटी भी लगाई गई है। कृषकगण आधार व मोबाइल नम्बर, भू-अधिकार पुस्तिका, बैंक पासबुक इत्यादि की फोटोकॉपी व समग्र आईडी बताकर अपने नजदीकी सहकारी समिति अथवा कृषि उपज मंडी में भावांतर पंजीयन करा सकते हैं। ज्ञात हो प्रदेश सरकार ने रबी फसलों मसलन चना, सरसों, मसूर तथा प्याज को शामिल किया है। सरकार द्वारा गेहूँ फसल की खरीदी समर्थन मूल्य पर की जायेगी। बैठक में अपर कलेक्टर दिनेश श्रीवास्तव, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवम वर्मा व अपर कलेक्टर शिवराज वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला व खण्ड स्तरीय अधिकारी मौजूद थे। 
 
वृहद विधिक सेवा शिविर में विभागीय स्टॉल लगाएँ 
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण एवं राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में 11 मार्च को आयोजित होने जा रहे शिविर की तैयारियों की समीक्षा भी कलेक्टर ने बैठक में की। उन्होंने निर्देश दिए कि शिविर में नगर निगम, जनसंपर्क, सामाजिक न्याय, महिला बाल विकास इत्यादि विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाकर जन सामान्य को योजनाओं की जानकारी दें। साथ ही इन समस्याओं का निराकरण भी करें। उन्होंने दिव्यांगों के परीक्षण के लिये चिकित्सकों की ड्यूटी लगाने के निर्देश भी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। 
कलेक्टर जैन ने कहा कि इस आयोजन में उच्च न्यायालय के माननीय न्यायाधिपतिगण भी शामिल होंगे, इसलिये कार्यक्रम की गरिमा का भी पूरा ध्यान रखा जाए। जागरूकता से सशक्तिकरण कार्यक्रम के तहत यह शिविर 11 मार्च को प्रात: 11 बजे से कांचमिल रोड़ हजीरा स्थित नवीन पार्क में आयोजित होगा। शिविर में खासतौर पर पात्र निर्माण श्रमिकों को भवन एवं संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के तहत श्रमिक कार्ड मुहैया कराए जायेंगे। साथ ही पात्र हितग्राही मसलन वृद्धजन, विधवा व दिव्यांग को पेंशन एवं अन्य हितग्राहियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन मंजूर करने के प्रयास होंगे। साथ ही दिव्यांगों को सहायक उपकरण व स्वरोजगार के लिये ऋण वितरण और घरेलू कामकाजी महिलाओं को पंजीयन कार्ड दिए जायेंगे। सरकार की अन्य स्वरोजगारमूलक योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को ऋण अनुदान वितरण का काम भी बैंकों व जिला प्रशासन के सहयोग से शिविर में होगा। 
 
समाधान एक दिन – तत्काल सेवा को गंभीरता से लें 
कलेक्टर राहुल जैन ने बैठक में निर्देश दिए कि जिन अधिकारियों की “समाधान एक दिन – तत्काल सेवा” में प्राधिकारी के रूप में ड्यूटी लगाई गई है, वे गंभीरतापूर्वक वे रोस्टर के अनुसार अपने दायित्वों का निर्वहन करें। इस कार्य में किसी प्रकार की ढ़िलाई बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि पायलट प्रोजेक्ट के रूप में फिलहाल कलेक्ट्रेट स्थित लोक सेवा केन्द्र में “समाधान एक दिन – तत्काल सेवा” शुरू की गई है। जिसके तहत दोपहर 1.30 बजे तक आवेदन करने वाले व्यक्ति को उसी दिन सायंकाल 5 बजे तक सेवा प्रदाय करने का प्रावधान है। इसी तरह जो व्यक्ति दोपहर 1.30 बजे के बाद आवेदन देता है तो उसे दूसरे दिन अनिवार्यत: सेवा दी जानी है। 
 
मैरिज गार्डन की जाँच रिपोर्ट जल्द से जल्द प्रस्तुत करें 
शहर में संचालित सभी मैरिज गार्डनों की जाँच जल्दे से जल्द पूर्ण करने के निर्देश भी कलेक्टर ने बैठक में दिए। उन्होंने जाँच के लिये समिति गठित की है। साथ ही जाँच के लिये 20 बिंदुओं की चैक लिस्ट भी सौंपी है, जिसमें मैरिज गार्डन के लिये जरूरी सभी सुविधाओं व आवश्यकताओं संबंधी प्रावधान शामिल हैं। 

Share This News :