Home > अपना शहर ,
जलालपुर में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट को महापौर ने देखा

ग्वालियर । नगर निगम ग्वालियर द्वारा अमृत योजना के तहत शहर में सीवर की समस्या के निराकरण के लिए जलालपुर में 160 एमएलडी क्षमता का सीवर ट्रीटमेंट प्लांट बनाया जा रहा है, जिसका निरीक्षण महापौर विवेक नारायण शेजवलकर द्वारा किया गया तथा निरीक्षण के दौरान कार्य गुणवत्ता पूर्ण करने एवं समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश संबंधित ठेकेदार एवं सुपरवाइजर अधिकारी को दिए। निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त विनोद शर्मा, अधीक्षणयंत्री आरएलएस मौर्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं ठेकेदार उपस्थित रहे।
जलालपुर में सीवर की समस्या के निराकरण के लिए बनाए जा रहे सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के निरीक्षण के दौरान अधीक्षणयंत्री आरएलएस मौर्य ने महापौर को बताया कि यह प्लांट इनब्राड कंपनी कानपुर द्वारा बनाया जा रहा है जिसकी लागत 205 करोड रुपए है। यह कार्य पूर्ण करने की समय सीमा 24 माह है लेकिन संभवता 12 से 13 महीने में कार्य पूर्ण हो जाएगा। अधीक्षणयंत्री आरएलएस मौर्य ने बताया कि इस सीवर ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण होने से लश्कर व ग्वालियर क्षेत्र की जनता को बहुत ही लाभ होगा तथा इन दोनों क्षेत्रों का सीवर ट्रीट होगा। उन्होंने बताया कि अभी स्वर्णरेखा में जो गंदा पानी बहता है उसके स्थान पर साफ एवं ट्रीट किया हुआ पानी बहेगा, जिसका नागरिक पुनः उपयोग कर सकते हैं।
मौर्य ने बताया कि ट्रीट किए हुए पानी सिंचाई, पशुओं के उपयोग एवं निस्तार आदि, गार्डनिंग, फैक्ट्री उपयोग, फायर सिस्टम के लिए, शौचालय आदि के लिए उपयोग में लाया जा सकता है, जिससे शहर में पानी का रीयूज एवं पानी की समस्या का बहुत हद तक निराकरण भी हो सकेगा। निरीक्षण के दौरान महापौर शेजवलकर ने कहा कि इस कार्य को अधिकारी गंभीरता से लें तथा इसमें लापरवाही व गुणवत्ता की कमी कतई बर्दाश्त नहीं की जायेगी। 

Share This News :