Home > अपना शहर ,
मंत्री पवैया ने किया क्रांतिकारी भगवानदास माहौर की प्रतिमा का अनावरण

ग्वालियर । क्रांतिकारी भगवानदास माहौर के उच्च आदर्शों से विद्यार्थी सीख लें। देश की आजादी में महात्मा गाँधी की अहिंसा एवं क्रांतिकारियों का शौर्य दोनों का अमूल्य योगदान रहा है। यह विचार उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री जयभान सिंह पवैया ने क्रांतिकारी भगवानदास माहौर की प्रतिमा के अनावरण एवं नव श्रृंगारित उद्यान के लोकार्पण अवसर पर व्यक्त किए।
नगर निगम के महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की तथा कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री श्रीमती लता गुप्ता थीं। इस अवसर पर पार्षद सतीश सिकरवार, महाविद्यालय के प्राचार्य के एस राठौर, जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष श्रीमती हेमलता बुधोलिया, चंद्रप्रकाश सिकरवार, महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। यह कार्यक्रम शासकीय एमएलबी महाविद्यालय परिसर में आयोजित हुआ। महाविद्यालय के प्रांगण में क्रांतिकारी भगवानदास माहौर की प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसका रविवार को उच्च शिक्षा मंत्री पवैया द्वारा अनावरण किया गया। इसके साथ ही उन्होंने हरिसिंह, दर्शन सिंह की नई प्रतिमाओं का भी अनावरण किया। पूर्व में निर्मित ये प्रतिमायें नष्ट हो गई थीं, जिनका कॉलेज प्रबंधन द्वारा पुनर्निर्माण कराया गया है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उच्च शिक्षा मंत्री पवैया ने कहा कि भ्रवानदास माहौर एक महान क्रांतिकारी, साहित्यकार, कवि, संपादक एवं प्राध्यापक रहे। जिन्होंने राष्ट्र की स्वाधीनता के लिये कार्य किया। उन्होंने कहा कि चंद्रशेखर आजाद, भगतसिंह आदि को सभी जानते हैं परंतु भगवानदास के बलिदान को कम ही लोग जानते हैं। प्रतिभाओं के धनी क्रांतिकारी भगवानदास के योगदान को याद रखने के लिये यह प्रतिमा इस महाविद्यालय में स्थापित की गई है ताकि छात्र उनको जानें एवं उनके आदर्शों को अपनायें। उन्होंने कहा कि यह प्रतिमा स्थापित करके सभी अपने आपको गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। इस महाविद्यालय के हॉस्टल में रहकर उन्होंने अपनी गतिविधियाँ संचालित की थीं। भगवानदास माहौर उस श्रेणी के शहीद हैं जो फाँसी एवं गोली से शहीद नहीं हुए परंतु उनकी साधारण मृत्यु भी बलिदान से कम नहीं।
पवैया ने कहा कि 14 वर्ष की उम्र से क्रांतिकारी भगवानदास ने देश के लिये अपने जीवन को समर्पित किया। आज के छात्र केवल कैरियर के प्रति चिंतित रहते हैं। वे सोचते हैं मेरा क्या होगा। उन्होंने छात्रों से कहा कि कैरियर के साथ ही समाज के लिये भी हमें आगे बढ़कर कार्य करना चाहिए। सभी देश के विकास में भागीदार बनें। केवल लेने के बारे में न सोचें बल्कि देश को देने वाले बनें। उन्होंने कहा इस देश में उस व्यक्ति की वंदना होती है जो देश को देते हैं। देश के लिये मिटने वालों को पूरा देश याद रखता है।

देश के लिये जीने की आवश्यकता : शेजवलकर
इस अवसर पर महापौर विवेक नारायण शेजवलकर ने अपने उदबोधन में कहा कि आज देश के लिये जीने की आवश्यकता है। बहुमुखी प्रतिभा के धनी क्रांतिकारी भगवानदास माहौर का इस महाविद्यालय से गहरा संबंध रहा है। वे महाविद्यालय परिसर में उनकी प्रतिमा का अनावरण करके गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। यह अवश्य ही छात्रों को प्रेरित करेगा। लखनऊ विश्वविद्यालय में भारत माता का गीत गाते – गाते उन्होंने अपने प्राणों का बलिदान दिया। क्रांतिकारी भगवानदास माहौर का जीवन एवं त्याग युवाओं को प्रेरणा देता रहेगा। इस अवसर पर दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की महामंत्री श्रीमती लता गुप्ता ने कहा कि उस समय देश परतंत्रता की बेड़ियों में जकड़ा हुआ था, तब बलिदान की आवश्यकता थी। आज जीवित रहकर देश को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। समाज में जागरूकता लाने की आवश्यकता है। यह हम सभी को मिलकर करना होगा।

Share This News :