Home > अपना शहर ,
समग्र विकास के लिये सांस्कृतिक विकास भी जरूरी : पवैया

ग्वालियर । समग्र विकास के लिये सड़क, बिजली व पानी के साथ-साथ सांस्कृतिक विकास भी जरूरी है। ग्वालियर उपनगर में इसी सोच के साथ विकास कार्यों को अंजाम दिया जा रहा है। यह बात उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री जयभान सिंह पवैया ने कही। पवैया यहाँ वार्ड क्र.-32 के अंतर्गत द्वारिकापुरी के कम्युनिटी हॉल में नव निर्मित प्रथम तल के लोकार्पण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
कम्युनिटी हॉल के प्रथम तल का निर्माण मंत्री पवैया की विधायक निधि से 9 लाख 32 हजार रूपए की लागत से किया गया है। उच्च शिक्षा मंत्री ने इस अवसर पर कहा कि भौतिक विकास के साथ-साथ सांस्कृतिक, सामाजिक व शैक्षणिक विकास होगा, तभी हम समग्र विकास का लक्ष्य प्राप्त कर सकते हैं। इसी बात को ध्यान में रखकर ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत जहाँ अधोसंरचनागत विकास पर ध्यान दिया जा रहा है, वहीं राष्ट्रीय रामायण मेला, हजीरा चौराहे पर पूर्वरंग और बलिदान मेला जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही सुदृढ़ कानून व्यवस्था पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उपनगर ग्वालियर के निवासी इसे महसूस भी कर रहे हैं। पवैया ने कहा कि द्वारिकापुरी के कम्युनिटी हॉल का नामकरण कराया जायेगा। साथ ही जिस विभूति के नाम पर कम्युनिटी हॉल का नाम होगा, उनका एक तैलचित्र भी प्रदर्शित किया जायेगा।
उच्च शिक्षा मंत्री ने इस मौके पर कुशलनगर की पेयजल समस्या का निदान करने के निर्देश नगर निगम के अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा जरूरत हो तो यहाँ विधायक निधि से एक ट्यूबवेल की स्थापना भी की जाए। कुशलनगर की महिलाओं ने उच्च शिक्षा मंत्री का ध्यान पेयजल समस्या की ओर आकर्षित किया था। उच्च शिक्षा मंत्री ने कहा कि ग्वालियर के आजादी आंदोलन से जुड़े इतिहास को उजागर किया जायेगा। जिससे यहाँ के छात्र व युवा आजादी के आंदोलन से जुड़ी महान विभूतियों से प्रेरणा लेकर श्रेष्ठ नागरिक बन सकें। कार्यक्रम में स्थानीय पार्षद श्रीमती अनीता रानी शर्मा, साहित्यकार श्रीमती पुष्पा सिसोदिया व योगेश जैन व यशवंत सिंह कौरव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजकुमार दत्ता ने किया।

Share This News :