Home > अपना शहर ,
संभाग आयुक्त ने शहर का सघन भ्रमण कर देखा विकास कार्यों को

ग्वालियर । ग्वालियर के समग्र विकास के लिये किए जा रहे विकास कार्यों का लोगों को समय पर लाभ मिले और सभी परियोजनायें समय पर पूर्ण हों, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। केन्द्र सरकार एवं प्रदेश सरकार द्वारा ग्वालियर में विकास के अनेक कार्य विभिन्न परियोजनाओं के तहत मंजूर किए जाकर प्रारंभ किए गए हैं। इन सभी कार्यों के पूर्ण होने का समय भी निर्धारित किया गया है। निर्धारित समय और गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण हों, ताकि पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ समय पर मिल सके। उक्त निर्देश संभागीय आयुक्त बी एम शर्मा ने शुक्रवार को नगर निगम द्वारा शहर में कराए जा रहे विकास कार्यों के अवलोकन और निरीक्षण के दौरान निगम आयुक्त विनोद शर्मा और विभागीय अधिकारियों को दिए।
संभागीय आयुक्त बी एम शर्मा ने निरीक्षण के दौरान अमृत परियोजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्मार्ट सिटी परियोजना, निगम की गौशाला और अधोसंरचना विकास मद से किए जा रहे कार्यों का अवलोकन किया। निरीक्षण के दौरान नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधीक्षण यंत्री आर एल एस मौर्य, जन कार्य विभाग के अधीक्षण यंत्री प्रदीप चतुर्वेदी, प्रोजेक्ट ऑफीसर पवन सिंघल, कार्यपालन यंत्री पीएचई रामू शुक्ला, कार्यपालन यंत्री अजय पाल सिंह जादौन, उपायुक्त एपीएस भदौरिया, उपायुक्त जागेश श्रीवास्तव सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे। संभागीय आयुक्त बी एम शर्मा ने कहा कि अमृत परियोजना के तहत केन्द्र सरकार द्वारा ग्वालियर में सीवरेज, पेयजल, पानी की टंकी निर्माण, पार्क विकास और सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के निर्माण हेतु 750 करोड़ रूपए की राशि उपलब्ध कराई है। इतनी बड़ी राशि शहर विकास के लिये मिली है। उक्त राशि का समय पर उपयोग हो, ताकि शहरवासियों को सीवर और पानी जैसी मूलभूत सुविधा बेहतर रूप से उपलब्ध हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
निगम आयुक्त विनोद शर्मा ने बताया कि अमृत परियोजना के तहत 43 पानी की टंकियों का निर्माण, 4 एसटीपी का निर्माण, 400 किमी. सीवर लाईन और 790 किमी. पानी की लाईन डालने का कार्य किया जायेगा। शहर में दो सीवर ट्रीटमेंट निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। इसके साथ ही तीन पानी की टंकियों का निर्माण भी प्रारंभ हो गया है। शहर में सीवर और पानी की लाईन बिछाने का कार्य भी निगम द्वारा प्रारंभ कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि अमृत परियोजना के तहत निर्धारित समय – सीमा में कार्य पूर्ण हों, इस पर निरंतर मॉनीटरिंग की जा रही है।

प्रधानमंत्री आवास योजना का निरीक्षण
संभागीय आयुक्त बी एम शर्मा ने नगर निगम द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत निर्मित किए जा रहे सागरताल रोड़ पहाड़ी पर आवास निर्माण कार्य का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि योजना के तहत लोगों को अच्छे और सस्ते आवास उपलब्ध कराए जाना है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास निर्माण में हितग्राहियों का चयन, बैंक ऋण और आवंटन के लिये निर्धारित समय – सीमा का कार्यक्रम तैयार किया जाए। आवास निर्माण का कार्य तेजी से किया जाए, ताकि शासन की मंशानुसार लोगों को आवास उपलब्ध कराए जा सकें।

गौशाला का निरीक्षण
संभागीय आयुक्त बी एम शर्मा ने नगर निगम द्वारा लाल टिपारा पर संचालित की जा रही गौशाला का भी अवलोकन किया। उन्होंने गौशाला में तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों को भी देखा और सराहा। नगर निगम द्वारा गौशाला में कबाड़ से जुगाड़ की विधि पर कराए गए निर्माण कार्यों की उन्होंने प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्य सभी विभागों को करना चाहिए। अनुपयोगी वस्तुओं का बेहतर उपयोग का अच्छा उदाहरण गौशाला में देखने को मिलता है। संभागीय आयुक्त बी एम शर्मा ने गौशाला के बेहतर संचालन में सहयोग कर रहे संतों से भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि गौशला में उपलब्ध गाय का दूध उपयोग करने के पश्चात जो शेष बचता है उसे ग्वालियर दूध संघ को भेजा जाए। इसके लिये उन्होंने दूध संघ के अधिकारियों को भी आवश्यक निर्देश दूरभाष पर दिए।
संभागीय आयुक्त शर्मा ने कहा कि गौशाला में उपलब्ध अतिरिक्त गोबर की खाद को लोग ले जाएँ। इसके लिये एक शुल्क निर्धारित कर लोगों से आहवान किया जाए कि गोबर का खाद गौशाला से प्राप्त करें। इसके साथ ही गौशाला में गौ मूत्र और गोबर से बनाए जा रहे उत्पादों का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसे अपना सकें। नगर निगम आयुक्त विनोद शर्मा ने गौशाला में किए जा रहे नए – नए प्रयोगों के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी।

विक्टोरिया मार्केट का अवलोकन
संभागीय आयुक्त बी एम शर्मा ने महाराज बाड़े पर स्थित विक्टोरिया मार्केट जीर्णोद्धार कार्य का भी अवलोकन किया। उन्होंने निर्माण एजेन्सी को निर्देशित किया कि दो माह में सम्पूर्ण कार्य पूर्ण किया जाए। इसके साथ ही निगम की विक्टोरिया मार्केट में बनने वाले जूलॉजिकल म्यूजियम के कार्य को भी तत्परता से प्रारंभ करने की कार्रवाई करने हेतु संबंधित विभाग से पत्र व्यवहार किया जाए। संभागीय आयुक्त बी एम शर्मा ने कहा कि विक्टोरिया मार्केट और मोतीमहल भवन के जीर्णोद्धार के उपरांत इंटक के माध्यम से जयारोग्य चिकित्सालय की ऐतिहासिक इमारत का भी रिनोवेशन कराया जायेगा। इसके लिये इंटक के अधिकारियों को डीपीआर तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं। ग्वालियर में ऐतिहासिक इमारतों के संरक्षण और संवर्धन के लिये निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में जयारोग्य चिकित्सालय भवन का भी रिनोवेशन कराया जायेगा।

जेएएच परिसर में स्थित आश्रय योजना का अवलोकन
संभागीय आयुक्त बी एम शर्मा ने जयारोग्य चिकित्सालय परिसर में रेडक्रॉस द्वारा संचालित आश्रय योजना का भी अवलोकन किया। उन्होंने रेडक्रॉस समिति के सचिव को निर्देशित किया कि आश्रय योजना का बेहतर रख-रखाव किया जाए। आश्रय भवन में आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने इस मौके पर सेवा भाव समिति द्वारा प्रतिदिन लोगों को नि:शुल्क भोजन एवं नाश्ता कराने की योजना के तहत किए जा रहे कार्यों का भी अवलोकन किया। संभागीय आयुक्त एवं नगर निगम आयुक्त ने समिति को 5 – 5 हजार रूपए की राशि भी नि:शुल्क भोजन व्यवस्था के लिये प्रदान की। संभागीय आयुक्त ने नगर निगम आयुक्त से कहा कि परिसर में एक बेहतर शौचालय निर्माण कराने के साथ ही वाउण्ड्रीवॉल निर्माण का कार्य भी निगम द्वारा कराया जाए।

नेहरू उद्यान विकास कार्य का अवलोकन
संभागीय आयुक्त बी एम शर्मा ने स्मार्ट सिटी परियोजना के तहत नेहरू उद्यान में कराए जा रहे विकास कार्यों का भी अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि नेहरू उद्यान को आधुनिक पार्क बनाने के लिये किए जा रहे कार्य समय – सीमा में पूरे हों, ताकि लोगो को इसका लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि विभागीय अधिकारी किए जा रहे कार्यों की नियमित मॉनीटरिंग करें और कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करायें।

Share This News :