Home > अपना शहर ,
उपनगर ग्वालियर में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार और तेज होगा : पवैया

ग्वालियर । उपनगर ग्वालियर में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार की श्रृंखला चल रही है। इस क्षेत्र की हर बस्ती में पेयजल, सीवर लाईन व सड़कों इत्यादि की समस्याओं के स्थायी समाधान के लिये विशेष कार्ययोजना बनाई गई है। इससे विकास कार्य और तेजी से मूर्त रूप लेंगे। यह बात उच्च शिक्षा एवं लोक सेवा प्रबंधन मंत्री जयभान सिंह पवैया ने कही। मंत्री पवैया शनिवार को वार्ड क्र.-8 के अंतर्गत माधवीनगर में सीसी रोड़ व अन्य विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमि पूजन करने पहुँचे थे।
उच्च शिक्षा मंत्री ने लगभग 20 लाख की लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण व भूमि पूजन किया। इन कार्यों में माधवीनगर में 10 लाख की लागत से बनी सीसी रोड़ का लोकार्पण तथा भीकमनगर में 7 लाख की लागत से बनने जा रही सीसी रोड़ व माधवीनगर के स्कूल में 3 लाख लागत के कार्यों का भूमि पूजन शामिल है। पवैया ने इस अवसर पर माधवीनगर, भीकमनगर व संजयनगर सहित अन्य समपवर्ती बस्तियों के निवासियों की कठिनाईयाँ व समस्यायें भी सुनीं। उन्होंने शहर के वार्ड क्र.-15 में स्थित संजयनगर की पेयजल लाईन को जल्द से जल्द दुरूस्त करने का भरोसा भी इस मौके पर दिलाया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती सीमा धर्मवीर राठौर, वरिष्ठ पार्षद ओमप्रकाश शोखावत सहित अन्य क्षेत्रीय जनप्रतिनिधिगण एवं स्थानीय नागरिक मौजूद थे।

Share This News :