Home > अपना शहर ,
राजस्व अधिकारी खुद के न्यायालय व पटवारी बस्तों का निरीक्षण करें : जैन

ग्वालियर । सभी राजस्व अधिकारी अपने खुद के न्यायालय और पटवारियों के बस्तों का बारीकी से निरीक्षण करें, जिससे कोई भी प्रकरण निराकरण से शेष न रह जाए। यह निर्देश कलेक्टर राहुल जैन ने राजस्व अधिकारियों की बैठक में दिए। कलेक्टर जैन ने डायवर्सन सहित अन्य राजस्व वसूली पर भी बैठक में विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा जो बड़े बकायादार राजस्व जमा करने में आनाकानी करें, उनकी सम्पत्ति कुर्क करने में कोई हिचक न हो।
शनिवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को हिदायत दी कि राजस्व के सभी नए प्रकरण आरसीएमएस सॉफ्टवेयर में दर्ज किए जाएँ। साथ ही पुराने प्रकरणों का निराकरण तेजी से करें, जरूरी हो तो हर दिन सुनवाई की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रकरणों का निराकरण गुणवत्तापरक हो और आदेश का पालन कराने के बाद ही दाखिल रिकॉर्ड हो। कलेक्टर जैन ने शतप्रतिशत फोती नामांतरण प्रकरणों का निराकरण करने पर भी विशेष बल दिया। साथ ही कहा कि संबंधित राजस्व अधिकारियों को हर गाँव का पंचनामा देना होगा कि उनके यहाँ कोई फोती प्रकरण लंबित नहीं है।
कलेक्टर ने बी-1 के नियमित वाचन कराने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सभी आरआई यह सुनिश्चित करें कि सीमांकन का कार्य ईटीएस मशीन के जरिए ही हो। सीमांकन के दौरान आवेदक की संतुष्टि भी जरूरी है। उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ राजस्व न्यायालयों का निरीक्षण करें और उसका पालन प्रतिवेदन जिला कार्यालय में भेजें। बैठक में अपर कलेक्टर दिनेश श्रीवास्तव, जिले के सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारी, तहसीलदार व नायब तहसीलदार सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर राहुल जैन ने राजस्व वसूली में तेजी लाने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जिले के सभी तहसील मुख्यालयों पर राजस्व वसूली शिविर नियमित रूप से लगाएँ। शिविर लगाने से पहले सभी बकायादारों को डिमाण्ड नोटिस की तामीली सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा जो बड़े बकायादार राजस्व जमा करने में आनाकानी करें, उनकी सम्पत्ति कुर्क कर वसूली की जाए।

Share This News :