Home > अपना शहर ,
शहीदों के बलिदान को हम नमन करते हैं : माया सिंह

ग्वालियर । प्रदेश की नगरीय विकास एवं आवास मंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती माया सिंह शनिवार को शहीदों के परिवार से मिली। नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह छत्तीसगढ़ के सुकमा में नक्सली हमले में शहीद हुए मुरैना के पोरसा विकास खण्ड के रामकृष्ण तोमर के ग्राम तरसमा पहुंची। और श्रृद्धा सुमन अर्पित किये। उन्होनें शहीद के परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी।
श्रीमती माया सिंह ने शहीद की माता और उसकी पत्नि से भेंट की और कहा कि शहीद रामकृष्ण की शहादत को हम नमन करतें हैं। जिस परिवार नें अपना बेटा खोया है। उसकी कमी को पूरा नहीं किया जा सकता है, परन्तु हम शहीद के परिवार के साथ हैं और उसकी हर संभव मदद की जायेगी। उन्होनें कहा प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा की गई घोषणा के अनुसार परिवार को आर्थिक सहायता दी जायेगी। इसमें राज्य सरकार की ओर से एक करोड़ की सहायता, परिवार के व्यक्ति को सरकारी नौकरी और भूखण्ड अथवा फ्लेट दिया जायेगा। शहीद की बेटी पिंकी ने रोते हुए कहा कि हमें पिता की शहादत पर गर्व है। उन्होनें देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान किया है।
नगरीय विकास मंत्री श्रीमती माया सिंह कुछ समय पूर्व आसाम में शहीद हुए पोरसा के गोपालपुरा के दिलीप सिंह तोमर और रजौधा ग्राम पंचायत के भजन का पुरा निवासी शहीद अनूप सिंह तोमर के परिवार से भी मिलीं। उन्होनें कहा इन परिवार के बेटों नें देश के लिए अपने प्राणों का बलिदान किया है। इनकी कमी को पूरा नहीं किया जा सकता परन्तु प्रदेश सरकार शहीदों के परिवारों की मदद करेगी। हम शहीदों के परिवारों के प्रति पूरी तरह संवेदन शील है। शहीदों का परिवार हमारा परिवार है। आगे भी हम इनकी मदद करने के लिए तत्पर रहेगें। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा जिला अध्यक्ष अनूप सिंह भदौरिया उपस्थित थे।

Share This News :