Home > अपना शहर ,
विद्यार्थी स्मार्ट फोन को ज्ञान अर्जन का माध्यम बनायें : पवैया

ग्वालियर । आर्थिक दिक्कत की वजह से प्रदेश का कोई भी बच्चा उच्च शिक्षा से वंचित न रहे, इस बात को ध्यान में रखकर प्रदेश सरकार ने कारगर योजनायें बनाई हैं। साथ ही महाविद्यालयीन विद्यार्थी सूचना तकनीक से जुड़कर पढ़ाई में अच्छा मुकाम हासिल करें, इस उद्देश्य से सरकार स्मार्ट फोन सहित अन्य सुविधायें मुहैया करा रही है। यह बात उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया ने डॉ. भगवत सहाय महाविद्यालय में आयोजित हुए स्मार्ट फोन वितरण समारोह में कही। उन्होंने विद्यार्थियों का आहवान किया कि स्मार्ट फोन को ज्ञान अर्जन का माध्यम बनायें।
शनिवार को उच्च शिक्षा विभाग की योजना के तहत आयोजित हुए स्मार्ट फोन वितरण समारोह में शहर के पाँच शासकीय महाविद्यालयों के लगभग 5 हजार विद्यार्थियों को स्मार्ट फोन वितरित किए गए। समारोह की अध्यक्षता नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने की। इस अवसर पर महापौर विवेक नारायण शेजवलकर बतौर विशिष्ट अतिथि मंचासीन थे। उच्च शिक्षा मंत्री पवैया ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के मन में स्मार्ट फोन को लेकर हीन भावना न आए, इस बात को ध्यान में रखकर सरकार द्वारा शासकीय महाविद्यालयों के विद्यार्थियों को स्मार्ट फोन मुहैया कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चे भी देश के प्रतिष्ठित मेडीकल, इंजीनियरिंग, कानून व प्रबंधन इत्यादि संस्थानों में पढ़ाई कर सकें, इस उद्देश्य से प्रदेश सरकार ने क्रांतिकारी निर्णय लिया है। इस दिशा में शुरू की गई योजना के तहत 12वीं कक्षा में 70 प्रतिशत से अधिक अंक लाने वाले विद्यार्थी की उच्च शिक्षा की फीस सरकार भरेगी।
पवैया ने इस अवसर पर विद्यार्थियों का आहवान किया कि वे अपने भीतर छुपी हुई प्रतिभा को पहचानें और हौसला व आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ें। उन्होंने प्राध्यापकों से भी कहा कि वे केवल सिलेबस पूरा कराने पर ही अपना ध्यान केन्द्रित न करें, बल्कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को उजागर करें। उच्च शिक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि कितने भी पढ़-लिख जाएँ, पर अपने सांस्कृतिक मूल्यों व जड़ों से नहीं कटें। उन्होंने कहा इन बातों का सदैव ध्यान रखें कि माँ, मातृ भूमि व मातृ भाषा का कोई विकल्प नहीं होता। पवैया ने स्वामी विवेकानंद के वाक्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि अतीत को पढ़ो, वर्तमान गढ़ो और फिर आगे बढ़ो। उच्च शिक्षा मंत्री पवैया ने कहा कि सरकार अतिथि विद्वानों को 25 हजार रूपए प्रतिमाह मानदेय देने पर गंभीरता से विचार कर रही है। साथ ही सरकार का यह भी मत है कि एक बार काउंसलिंग के बाद अतिथि विद्वानों को तीन साल तक अध्यापन का मौका मिले। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा महाविद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिये लगभग 3 हजार सहायक प्राध्यापकों की भर्ती का विज्ञापन लोक सेवा आयोग के माध्यम से निकाला गया है।
नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री नारायण सिंह कुशवाह ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने पहली कक्षा से लेकर उच्च शिक्षा के लिये प्रभावी योजनायें बनाई हैं। सरकार पढ़ाई के लिये जहाँ तमाम सुविधायें मुहैया करा रही है, वहीं नई तकनीक से युवाओं को जोड़ने के लिये स्मार्ट फोन भी सरकार द्वारा मुहैया कराए जा रहे हैं। स्मार्ट फोन में ज्ञानवर्धक 22 प्रकार के एप पहले से ही डाउनलोड कराए गए हैं। उन्होंने सरकार द्वारा हाल ही में उच्च शिक्षा की फीस भरने के उद्देश्य से शुरू की गई योजना पर भी प्रकाश डाला। इस अवसर पर डॉ. भगवत सहाय महाविद्यालय जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री जवाहरलाल जैन व केआरजी महाविद्यालय जनभागीदारी समिति की अध्यक्ष श्रीमती हेमलता बुधोलिया, स्थानीय पार्षद श्रीमती सीमा राठौर एवं अतिरिक्त संचालक उच्च शिक्षा डॉ. के एस सेंगर मंचासीन थे।
आरंभ में अतिथियों ने सरस्वती वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। स्वागत उदबोधन साईंस कॉलेज के प्राचार्य डॉ. बी पी एस जादौन ने किया और अंत में साईंस कॉलेज की प्राध्यापक श्रीमती नीलिमा भटनागर ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन केआरजी कॉलेज की प्राध्यापक श्रीमती सोनिया सिंह द्वारा किया गया। शुरूआत में बालिकाओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम और गीत प्रस्तुत किए।

डॉ. भगवत सहाय महाविद्यालय में 34 लाख की लागत से बनेगा खेल मैदान
स्मार्ट फोन वितरण समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री जयभान सिंह पवैया ने घोषणा की कि डॉ. भगवत सहाय महाविद्यालय में 34 लाख की लागत से खेल मैदान विकसित किया जायेगा। इस खेल मैदान में क्रिकेट, बास्केट बॉल, कबड्डी व खो – खो सहित अन्य खेलों की सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने इस अवसर पर भगवत सहाय महाविद्यालय की बाउण्ड्रीवॉल बनाने के लिये 70 हजार रूपए देने की घोषणा भी की। इसी तरह शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय में 6 लाख की लागत से पार्किंग इत्यादि कार्य कराने की बात कही।

इन महाविद्यालयों के बच्चों को मिले स्मार्ट फोन
उच्च शिक्षा मंत्री सहित अन्य अतिथियों ने मंच से प्रतीक स्वरूप लगभग दो दर्जन विद्यार्थियों को स्मार्ट फोन सौंपे। इनके अलावा अलग – अलग काउण्टर लगाकर स्मार्ट फोन वितरित किए गए। इनमें शासकीय केआरजी महाविद्यालय की 2515 व शासकीय विजयाराजे कन्या महाविद्यालय मुरार की 1119 छात्रायें शामिल हैं। इनके अलावा साईंस कॉलेज के 931, डॉ. भगवत सहाय शासकीय महाविद्यालय के 258 और शासकीय संस्कृत महाविद्यालय के आधा दर्जन छात्रों को स्मार्ट फोन वितरित किए गए।

जल संरक्षण व भीम एप डाउनलोड कराए
जिला प्रशासन की पहल पर स्मार्ट फोन वितरण समारोह में डिजिटल इंडिया और नगर निगम का जल संरक्षण एप डाउनलोड कराने के लिये विशेष काउण्टर लगाया गया था। नागरिक सुविधा केन्द्र के प्रभारी और प्रतीक इंस्टीट्यूट के प्रतिनिधियों ने बच्चों को वितरित किए गए स्मार्ट फोन में नगर निगम द्वारा तैयार जल संरक्षण एप तथा कैशलेस व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिये भीम एप सहित अन्य एप डाउनलोड कराए।

Share This News :