Home > अपना शहर ,
मन पर अधिकार रखती हैं मां शैलपुत्री, चंद्रमा से यह है ज्योतिषीय संबंध

18 मार्च से नवरात्रि की शुरुआत होगी जो 25 मार्च को अष्टमी और नवमी तिथि तक रहेगी। इस बार नवरात्रि 8 दिनों तक ही रहेगा। 18 मार्च से कलश की स्थापना होगी। पहला दिन मां शैलपुत्री का होता है, जो दुर्गा के नौ रूपों में पहला है।

मां शैलपुत्री के माथे पर अर्ध चंद्र, दाहिने हाथ में त्रिशूल, बाएं हाथ में कमल है और वह नंदी की सवारी पर हैं। दुर्गा के पहले स्वरूप में शैलपुत्री मानव के मन पर अधिपत्य रखती हैं। चंद्रमा पर आधिपत्य रखने वाली शैलपुत्री जीव की उस नवजात शिशु की अवस्था को संबोधित करतीं हैं जो अबोध, निष्पाप व निर्मल है।

कुंडली में चंद्रदोष को करती हैं ठीक

देवी शैलपुत्री मूलतः महादेव कि अर्धांगिनी पार्वती ही है। ज्योतिषी मान्यता के अनुसार, मां शैलपुत्री चंद्रमा को दर्शाती हैं। जिन लोगों का चंद्रमा कमजोर है, मन अशांत रहता है उन्हें शैलपुत्री के स्वरूप की आराधना करनी चाहिए।

उनकी उपासना से चंद्रमा के द्वारा पड़ने वाले बुरे प्रभाव भी निष्क्रिय हो जाते हैं। शैलपुत्री का अर्थ होता है ‘पर्वत की बेटी’। सती के रूप में देह त्यागने के बाद उन्होंने अगले जन्म में शैलराज हिमालय की पुत्री के रूप में जन्म लिया और शैलपुत्री कहलाईं।

इन नामों से भी हैं प्रचलित

हिमालय के राजा का नाम हिमावत था और इसलिए देवी को हेमवती के नाम से भी जाना जाता है। उपनिषद् की एक कथा के अनुसार, इन्हीं ने हेमवती स्वरूप से देवताओं का गर्व-भंजन किया था। मां शैलपुत्री वृष की सवारी करती हैं, अतः उनका एक नाम वृषारुढ़ा भी है।

Share This News :