Home > अपना शहर ,
सागरताल में मिली इलेक्ट्रीशियन की लाश

ग्वालियर। सागरताल में रविवार सुबह इलेक्ट्रीशियन की लाश मिली है। आज मिली लाश जिस युवक की है, उस पर इलेक्ट्रिशियन के परिजनों ने हत्या का संदेह जाहिर किया था। इसके चलते पुलिस भी उसकी सरगर्मी से तलाश कर रही थी।
जानकारी के मुताबिक बहोड़ापुर थाना इलाके के सागरताल में रविवार सुबह एक युवक की लाश उतराती मिली है। राहगीरों ने पुलिस को खबर दी तो टीआई बहोड़ापुर राघवेन्द्र सिंह तोमर फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। यहां गोताखोर की मदद से लाश को ताल से बाहर निकाला गया। मृतक के कपड़ों की तलाशी ली तो उसमें आधार कार्ड व मोबाइल फोन मिला। इससे उसकी पहचान पूरन बाथम निवासी नारकोटिक्स आॅफिस कैम्पस के रुप में हुई। यहां बता दें कि दो दिन पहले सागरताल में पुलिस को ओमप्रकाश धाकड़ पुरानी छावनी की लाश मिली थी। पुलिस को जांच में सुराग लगा था कि बीते 11 मार्च से लापता ओमप्रकाश आखिरी बार पूरन के साथ देखा गया था। परिजनों का कहना था कि वह डीडी नगर में काम करने गया था। इसके बाद रात को 8.30 तक अपने दोस्त पूरन बाथम के साथ कलारी पर शराब पीते देखा गया था। पांच दिन बाद उसकी लाश सागरताल में मिली। पोस्टमार्टम में उसके सिर में चोट के निशान मिले है।
इससे आशंका जाहिर की गई है कि उसके साथ मारपीट की गई है, या फिर ताल में कूदने पर सिर में चोट आई है। इसके चलते परिजन का आरोप था कि ओमप्रकाश की हत्या पूरन ने की है। परिजन के आरोप के मुताबिक पुलिस ने भी पूरन की तलाश शुरु कर दी। बीते रोज पुलिस को पूरन का साला भी मिला था। पुलिस ने उससे भी पूरन के बारे में जानकारी जुटाई, लेकिन आज सुबह पूरन की लाश मिलने से पुलिस भी हैरान रह गई। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर लिया है। इसके साथ ही दोनों सुसाइड में आपस में कनेक्शन जानने की कोशिश कर रही है।

Share This News :