Home > अपना शहर ,
मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में 7 अप्रैल को लगेगा अंत्योदय मेला

ग्वालियर । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में अगले माह 7 अप्रैल को जिला स्तरीय अंत्योदय मेला प्रस्तावित है। अंत्योदय मेले में मुख्यमंत्री सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राहियों को सहायता वितरित करेंगे। साथ ही विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास भी अंत्योदय मेले में होगा। नगरीय क्षेत्र की अवैध कॉलोनियों को वैध करने की योजना की शुरूआत भी मुख्यमंत्री द्वारा अंत्योदय मेले में की जायेगी। सभी संबंधित विभाग समय-सीमा में अंत्योदय मेले की तैयारियाँ सुनिश्चित करें। यह निर्देश कलेक्टर राहुल जैन ने अंतरविभागीय समन्वय बैठक में विभागीय अधिकारियों को दिए।
मंगलवार को यहाँ कलेक्ट्रेट के सभागार में आयोजित हुई बैठक में कलेक्टर जैन ने कहा कि सभी विभाग लाभान्वित कराए जाने वाले हितग्राहियों की सूची जल्द से जल्द जिला पंचायत कार्यालय में भेजना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सरकार ने निजी भूमि पर बनी अवैध कॉलोनियों को वैध करने की नीति बनाई है। सरकार द्वारा अवैध कॉलोनियों को वैध करने के लिये निर्धारित गाईडलाईन के अनुसार सभी नगरीय निकाय जल्द से जल्द कार्रवाई पूर्ण करें। असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को लाभान्वित कराने के लिये शुरू की गई नई योजना को प्रभावी ढंग से मूर्तरूप देने पर भी कलेक्टर ने विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि इस योजना का क्रियान्वयन करने के लिये सभी जनपद पंचायतों व नगरीय निकायों में 24 मार्च को प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करें। साथ ही 21 मार्च को आयोजित होने जा रही विशेष ग्राम सभाओं में भी इसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। इन ग्राम सभाओं में भावांतर भुगतान योजना के बारे में भी किसानों को जरूर बतायें।
कलेक्टर ने जलाभिषेक अभियान एवं हरियाली महोत्सव की विभागवार कार्ययोजना प्रस्तुत करने के निर्देश भी बैठक में दिए। उन्होंने कहा जलाभिषेक अभियान के तहत हर गाँव में नई जल संरचना के निर्माण अथवा जीर्णोद्धार का काम हाथ में लिया जाए। श्रमदान व जनभागीदारी के जरिए यह काम अंजाम दिए जाएँ। सरकार की योजनाओं के तहत शेष सहरिया परिवारों के खाते में पेंशन राशि पहुँचाने पर कलेक्टर ने विशेष बल दिया। बैठक में बताया गया कि जिले में चिन्हित किए गए 8 हजार 682 सहरिया परिवारों में से 6 हजार 463 परिवारों के खातों में एक हजार रूपए के मान से पेंशन जमा करा दी गई है। कलेक्टर ने जिले में स्थापित हो रहे सभी 59 गेहूँ खरीदी केन्द्रों पर किसानों के लिये पर्याप्त बुनियादी सुविधायें जुटाने और खरीदी केन्द्रों के पहुँच मार्ग दुरूस्त कराने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए। बैठक में अपर कलेक्टर दिनेश श्रीवास्तव व जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शिवम वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला व खण्ड स्तरीय अधिकारी मौजूद थे।

Share This News :