Home > अपना शहर ,
फसल के अवशेष जलाने पर प्रतिबंध, हार्वेस्टर में लगाना होगा भूसा बनाने का यंत्र

ग्वालियर । ग्वालियर जिले में फसलों के अवशेष जलाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी राहुल जैन ने फसल अवशेष जलाने से होने वाली अग्नि दुर्घटनायें रोकने और खेतों की उर्वरा शक्ति एवं जीवाष्म बचाए रखने के मकसद से दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा-144 के तहत इस आशय का प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है।
जिला दण्डाधिकारी जैन ने इसी आदेश के जरिए यह भी निर्देश दिए हैं कि गेहूँ व अन्य फसल काटने वाली हार्वेस्टर मशीन के साथ भूसा बनाने की मशीन (स्ट्रा-रीपर) भी अनिवार्यत: लगाया जाए। इस प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन भारतीय दण्ड विधान की धारा-188 के तहत दण्डनीय अपराध होगा। उपसंचालक किसान कल्याण एवं कृषि विकास के प्रतिवेदन के आधार पर जारी किए गए प्रतिबंधात्मक आदेश में कलेक्टर जैन ने स्पष्ट किया है कि गेहूँ इत्यादि फसल कटने के उपरांत खेतों में डंठल अर्थात नरवाई आदि अवशेष जलाने पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। हार्वेस्टर मशीन संचालकों के लिये भी अनिवार्य किया गया है कि वे हार्वेस्टर में भूसा बनाने वाला यंत्र लगायें। साथ ही अग्निशमन यंत्र और आग बुझाने के लिये रेत एवं पानी की व्यवस्था सुनिश्चित करें।

Share This News :